भाजपा हराओ अभियान चलाने का वर्चुअल मीटिंग में निर्णय

 

12 जनवरी युवा दिवस पर भाजपा_हराओ_रोजगार_बचाओ ट्विटर कैंपेन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। युवा मंच द्वारा आयोजित प्रदेशस्तरीय वर्चुअल मीटिंग में भाजपा हराओ अभियान चलाने और रोजगार को चुनावीं मुद्दा बनाने के लिए विचार विमर्श किया गया। इस अभियान का आगाज सोशल मीडिया व ट्विटर में 12 जनवरी को युवा दिवस के मौके पर #भाजपा_हराओ_रोजगार_बचाओ के साथ होगा। 12 जनवरी को 11 बजे से ट्विटर पर इस हैशटैग के साथ रोजगार के मुद्दों को मजबूती से उठाया जायेगा। गौरतलब है कि 4 महीने तक प्रयागराज में रोजगार आंदोलन चलाने के क्रम में 28 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित युवा पंचायत में प्रस्ताव पारित किया गया था कि अगर प्रदेश में 5 लाख रिक्त पदों को आचार संहिता लागू होने के पहले विज्ञापित नहीं किया गया तो प्रदेश के युवा भाजपा हराओ अभियान चलायेंगे। इसी निर्णय के तहत आज वर्चुअल मीटिंग में भाजपा हराओ अभियान चलाने की रूपरेखा तैयार की गई। तय किया गया कि जिन मुद्दों को रोजगार आंदोलन में उठाया जा रहा था उन्हीं मुद्दों को चुनावीं माहौल में राजनीतिक विमर्श में स्थापित करने की कोशिश की जायेगी। अभी तक विपक्षी दलों खासतौर पर अखिलेश यादव का रोजगार के मुद्दे को हल करने के सवाल पर न तो खाका पेश किया गया है और न ही ठोस वक्तव्य ही दिखता है जिससे युवा चिंतित हैं। इन दलों को यह बताना चाहिए कि प्रदेश में 5 लाख रिक्त पदों को सरकार बनने पर कितने दिनों के अंदर विज्ञापित कर चयन प्रक्रिया पूरा करेंगे और कितने पदों पर सरकारी नौकरी(नियमित) के पद सृजित करेंगे। इसके अलावा युवाओं को गरिमापूर्ण रोजगार की गारंटी के लिए उनके पास क्या कार्यक्रम व नीति है इसे स्पष्ट करना चाहिए।वर्चुअल मीटिंग में युवा मंच संयोजक राजेश सचान, अध्यक्ष अनिल सिंह, संत कबीर नगर से वागीश धर राय, आजमगढ़ से जय प्रकाश यादव, प्रयागराज से पंकज पांडेय, शीतला ओझा, बीएल यादव व ईशान, आगरा से हरिओम चौहान, कन्नौज से संतोष शुक्ला, बिजनौर से नरेन्द्र सिंह, उन्नाव से संदीप निराला, लखनऊ से आशीष चौधरी, कानपुर से अभय सचान, दीप निषाद, आशीष पाल, विनय गुप्ता, संदीप यादव, देव प्रकाश, अतुल तिवारी आदि ने अपने विचारों को रखा। वर्चुअल मीटिंग में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से करीब 50 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

Exit mobile version