मूसलाधार बारिश के कारण गलन और ठिठुरन से काँपे लोग

पूरे सप्ताह जारी रहेगी शीतलहर

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। हिमालय के पास नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण छह जनवरी से शुरू हुआ बूंदाबांदी और बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है। सात जनवरी को हल्की बूंदाबांदी हुई तो लोगों ने सोचा कि अब बादल छंटेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रविवार सुबह और फिर रात में हुई मूसलाधार बारिश के कारण शीतलहर,गलन और ठिठुरन से लोग कांप उठे। मौसम विज्ञानियों ने सोमवार से बादलों में कमी होने की उम्मीद जताई है। विवि के मौसम विज्ञानी के मुताबिक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र इस समय दक्षिण राजस्थान पर बना हुआ है। साथ ही बंगाल की खाड़ी के आसपास एंटीसाइक्लोन देखा गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालय पर मध्यम से भारी बारिश और हिमपात हुआ। दिल्ली व एनसीआर में मध्यम से भारी बारिश हुई और उत्तर प्रदेश,मध्य प्रदेश हरियाणा,राजस्थान व पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश,राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई। अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश,जम्मू कश्मीर, लद्दाख व उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश, पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। कानपुर मंडल में भी तेज हवाओं और गरज व चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही इस पूरे सप्ताह शीतलहर भी जारी रहेगी।

Exit mobile version