बसपा समर्थकों ने मुख्य सेक्टर प्रभारी जाटव का पुतला फूंक किया विरोध

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। बहुजन समाज पार्टी मण्डल प्रयागराज में अभी भी सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पहले बसपा पदाधिकारी मुख्य सेक्टर प्रभारी का विरोध कर रहे थे। जिसका प्रभाव आम बसपा समर्थकों पर पड़ रहा है और अब विरोध पार्टी के घोषित पदाधिकारियों द्वारा नहीं बल्कि बसपा समर्थकों द्वारा मुख्य सेक्टर प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग को लेकर विरोध किया जा रहा है।

पिछले 24 दिसम्बर को बसपा राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र की अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में हुई जनसभा में बसपा के कद्दावर मुख्य सेक्टर प्रभारी के विरुद्ध मुर्दाबाद का नारा लगाकर सतीश चंद्र मिश्र की सभा मे व्यवधान उत्पन्न किया गया। तब से लगातार दूसरे मुख्य सेक्टर प्रभारी का पुतला फूंक कर विरोध जारी है। बसपा प्रमुख मायावती ने इस विरोध का संज्ञान लेते हुए राज्य सभा सांसद मुख्य सेक्टर प्रभारी को प्रयागराज मण्डल से हटाकर उनके स्थान पर डॉ विजय प्रताप व अशोक गौतम को मुख्य सेक्टर प्रभारी बना कर भेज तो दिया, किंतु अभी भी बसपा समर्थकों का गुस्सा शांत होने का नाम नही ले रहा है।
बसपा समर्थकों का कहना है कि 24 दिसम्बर को बसपा की जनसभा में विरोध कर बसपा की छवि तार-तार करने वाले सतीश जाटव को मुख्य सेक्टर प्रभारी कैसे बना दिया गया ? इस गम्भीर प्रकरण का जब तक निदान नहीं हो जाता तब तक विरोध जारी रहेगा। इसी विरोध के क्रम में गुरुवार को विधानसभा पश्चिमी, सोरांव, फाफामऊ, बारा सहित कई जगह मुख्य सेक्टर प्रभारी सतीश जाटव का पुतला फूंक कर बसपा समर्थकों ने अपना विरोध जारी रखा। विरोध में शहर पश्चिमी विधानसभा से ओमप्रकाश, राजेश, दिनेश रहे। फाफामऊ विधानसभा से राजकुमार व शंकरलाल, सोरांव से राजेन्द्र, अनिल, सुरेश एवं बारा से नन्हेलाल, विजय कुमार, सुरेश ने पुतला दहन का नेतृत्व किया।

Exit mobile version