पहले चरण में यूपी की 58 सीटों के लिए नामांकन आज से

पश्चिमी यूपी के 11 जिलों की इन सीटों पर 21 तक होंगे नामांकन

हर उम्मीदवार के साथ केवल दो समर्थक ही जाएंगे

लखनऊ (अनुराग दर्शन समाचार) ।यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण का नामांकन 14 जनवरी से शुरु हो रहा है। पहले चरण में यूपी के 11 जिलों की 58 सीटों के लिए नामांकन पर्चे भरे जाएंगे। नामांकन की आंतिम तिथि 21 जनवरी है। इसके लिए सभी 11 जिला मुख्यालयों में तैयारी पूरी कर ली गई है। नामांकन में कोविड प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बिना किसी जुलूस के प्रत्याशी नामांकन करने जाएंगे और उनके साथ सिर्फ दो समर्थक ही रहेंगे। इसके साथ ही कई तरह के बदलाव किये गये हैं। उम्मीदवार को इन बदलाव का खास ध्यान रखना होगा।
पहले चरण के लिए 14 जनवरी से नामंकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 21 जनवरी है। 24 जनवरी को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी और नाम वापसी की तिथि 27 जनवरी है। सबसे पहला बदलाव यही है कि उम्मीदवार नामांकन में लाव लश्कर लेकर नहीं जाएगा। इससे कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा कोरोना प्रोटोकॉल के तहत प्रत्येक उम्मीदवार केवल दो समर्थकों के साथ ही नामांकन कक्ष में जाएगा। एक उम्मीदवार के बाहर जाने के बाद ही दूसरे को अंदर प्रवेश मिलेगा। प्रत्येक कक्ष में एक वीडियोग्राफर भी रहेगा जो पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करेगा। बाहर परिसर में चार वीडियोग्राफर रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था और कोरोना प्रोटोकाल को ध्यान में रखकर तीन स्तर पर बैरिकेडिंग की गई है। चुनाव प्रचार के लिए एप से उम्मीदवारों को अनुमति लेनी होगी। पश्चिमी यूपी के शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा और अलीगढ़ जिलों की 58 सीटों पर कल से नामांकन शुरू हो रहे हैं। यहां पर पहले चरण में यानी 10 फरवरी को मतदान होगा।

Exit mobile version