
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य विधानसभा चुनाव में सिराथू से फिर कमल खिलाएंगे। शनिवार को जारी भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची में केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू से मैदान में उतारा गया है। कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। 2012 में केशव ने सिराथू में पहली बार भाजपा का कमल खिलाया था। राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय रहे और अशोक सिंहल के करीबी केशव ने 2012 के चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्धंदी बसपा के आनंद मोहन को 9863 मतों से पराजित किया था। उसके बाद से राजनीति में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2014 में फूलपुर संसदीय सीट से चुनाव जीतने के बाद 2016 में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने और उनकी अगुवाई में पार्टी ने 2017 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। काफी दिनों से उनके सिराथू से लड़ने की चर्चा थी। केशव प्रसाद मौर्य पिछले कुछ समय से कौशाम्बी जिले में खासे सक्रिय हैं। विकास योजनाओं की व्यक्तिगत निगरानी कर रहे थे। कुछ दिनों पहले उनके करीबी और भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अरुण अग्रवाल को सिराथू विधानसभा का प्रभारी बनाया गया था।