प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। औद्योगिक थाना क्षेत्र में रेमण्ड कम्पनी के पास शनिवार सुबह ट्रक की टक्कर से लगने से नवोदय विद्यालय मेजा के कर्मचारी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। प्रतापगढ़ जिले के पट्टी थाना क्षेत्र के धेवनी गांव निवासी राम चन्द्र वर्मा (55) पुत्र भोलानाथ वर्मा मेजा में स्थित नवोदलय विद्यालय में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत था। उसकी पत्नी फूलवती देवी तीन बेटे और एक बेटी के साथ पैत्रिक गांव में रहती है। शनिवार सुबह वह घर जाने के लिए मोटर साइकिल से निकला। रास्ते में औद्योगिक के रेमण्ड चौराहे के पास उसकी मोटर साइकिल में ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ले जा रही थी कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर उसके परिवार के सदस्य एवं नवोदय विद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी पहुंचे। पुलिस ने तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फांसी लगाकर छात्र ने दी जान
प्रयागराज( अनुराग दर्शन समाचार)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के रेरूआ गांव में शनिवार सुबह एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नवाबगंज के रेरूआ गांव निवासी मोहम्मद जावेद (20) पुत्र मोहम्मद नसीम तीन भाइयों में दूसरे नम्बर का था। उसके पिता एक दुकान के सहारे परिवार का भरण-पोषण करता है। वह पिता का सहयोग करने के साथ ही स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। कतिपय कारणों से क्षुब्ध होकर उसने घर के अन्दर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।