
(अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। एकता कपूर के सुपरनैचुरल शो नागिन की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। यही वजह है कि शो के अब तक पांच सीजन आ चुके हैं। मेकर्स काफी समय से नागिन 6 की तैयारी में जुटे हैं। इस सीरियल की कास्टिंग की प्रक्रिया चल रही है। शो के आगामी सीजन के लिए कई अभिनेत्रियों का नाम सामने आ चुका है। अब ऐसी चर्चा है कि टीवी अभिनेत्री माहिरा शर्मा नागिन 6 में नजर आएंगी। इसका प्रसारण कलर्स टीवी पर होगा।
रिपोर्ट के अनुसार, नागिन 6 के लिए माहिरा के नाम पर विचार किया गया है। मेकर्स बिग बॉस 13 की प्रतिभागी माहिरा से बातचीत कर रहे हैं। अगर खबर सच हुई तो वह नागिन 6 की अगली नागिन होंगी। बिग बॉस 15 में एकता ने सलमान खान को बताया था कि नागिन 6 के नायिका के नाम की शुरुआत एम अक्षर से होती है। जाहिर है कि एम से माहिरा का नाम शुरू होता है। माहिरा पहले भी नागिन 3 में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने इस शो में डायन का रोल निभाकर सुर्खियां बटोरी थीं। इस शो से उन्हें खूब लोकप्रियता मिली। बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखने के बावजूद उन्होंने एक्टिंग में अपना नाम कमाया। बचपन से उन्होंने एक्टिंग में करियर बनाने की ठान ली थी। माहिरा ने यारों का टशन से अपने टीवी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्हें तारक मेहता का उल्टा चश्मा में देखा गया था।
नागिन 6 से कई अभिनेत्रियों का नाम जुड़ चुका है। ऐसी खबरें आई थीं कि इस शो में बिग बॉस 15 की प्रतिभागी तेजस्वी प्रकाश नजर आएंगी। सबसे पहले इससे रुबीना दिलैक का नाम जुड़ा था, जो बिग बॉस 14 की विजेता रह चुकी हैं। इसके बाद कहा गया कि बिग बॉस 13 की प्रतियोगी रहीं शहनाज गिल नागिन 6 का हिस्सा बनेंगी। नियति फतनानी का भी आगामी सीजन से नाम जुड़ा था।
नागिन 6 में रिद्धिमा पंडित और महक चहल की कास्टिंग पहले ही हो चुकी है। एकता की नागिन फ्रैंचाइजी को काफी पसंद किया जाता है। टीवी जगत की कई बड़ी अभिनेत्रियां इसमें काम करने को लेकर दिलचस्पी जाहिर कर चुकी हैं। मौनी रॉय, सुरभि ज्योति, निया शर्मा और सुरभि चंदना नागिन सीरीज में यह किरदार निभाकर लोकप्रिय हो चुकी हैं। अब देखना है कि कब नागिन 6 के लिए माहिरा के नाम का आधिकारिक ऐलान होता है।
टीवी की दुनिया में नागिन एक अलग प्रकार की कहानी लेकर आया है। यह शो इतना लोकप्रिय हुआ कि अब तक इसके पांच सीजन आ चुके हैं। घर, गृहस्थी, कॉमेडी और लव स्टोरी के बाद एकता एक अलग ही स्टोरी सामने लेकर आईं और दर्शकों को उनका यह प्रयोग अच्छा लगा। नागिन के पहले सीजन में मौनी रॉय ने अहम भूमिका निभाई थी। प्रेम, दुश्मनी और बदले की कहानी के साथ नागिन 5 ने भी दर्शकों को प्रभावित किया था।