बस की टक्कर से महिला की मौत,पति घायल

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। कीडगंज थाना क्षेत्र के बैरहना चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर बस की टक्कर लगने से स्कूटर सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में घायल उसके पति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर निवासी अल्का गुप्ता (52) पत्नी आनन्द गुप्ता के दो पुत्र हैं। पति प्राइवेट काम कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करता है। शुक्रवार दोपहर अल्का गुप्ता अपने पति के साथ स्कूटर से कहीं जा रही थी। रास्ते में बैरहना चौराहे के पास एक बस ने उसकी स्कूटर में टक्कर मार दी। टक्कर से पति-पत्नी गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने अल्का गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। उसके पति का उपचार शुरू कर दिया है। पुलिस ने परिवार के सदस्यों की तहरीर पर शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

Exit mobile version