मंडलायुक्त ने प्रमुख संतों से की मुलाकात, समस्याओं के तत्काल समाधान का दीया आश्वासन

सुविधा आवंटन का कार्य विशेष कार्याधिकारी से लिया गया वापस, मेलाधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । माघ मेले में आए श्रद्धालुओं एवं साधु-संतों द्वारा सुविधाओं को लेकर उठाए गए सवालों के बीच मंगलवार को मंडलायुक्त संजय गोयल ने मेले के प्रमुख संतों से मुलाकात कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। मंडलायुक्त संजय गोयल ने मेला प्राधिकरण कार्यालय स्थित आईट्रिपलसी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक में संस्थाओं को 2019-20 में दी गई सुविधाओं को मानक मानते हुए उनकी स्वीकृत सुविधाएं 24 घंटे के अंदर देने के निर्देश दिए। पिछले कुछ दिनों में कई संस्थाओं द्वारा प्रवचन पंडाल एवं कुछ अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें मंडलायुक्त को भेजी गईं थीं जिसका संज्ञान लेते हुए उन्होंने यह निर्देश दिए हैं। निर्देश के पश्चात लगभग 145 संस्थाओं की सुविधाएं बढ़ा दी गई हैं जिसे 24 घंटे के अंदर संस्थाओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मेला प्रशासन द्वारा आबद्ध छह: वेंडरों को दे दी गई है। इसके अतिरिक्त कुछ संस्थाओं द्वारा की गई शिकायतों के दृष्टिगत सुविधा आवंटन का कार्य प्रयागराज मेला प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी संत कुमार श्रीवास्तव से तत्काल प्रभाव से ले लिया गया है। संत कुमार श्रीवास्तव द्वारा किए जा रहे सभी कार्य अब मेला अधिकारी अरविंद कुमार चौहान स्वयं देखेंगे। मेला अधिकारी की अनुपस्थिति में मेला संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु एसएलएओ, योगेंद्र सिंह को मेला कार्यालय में बैठने एवं जनसमस्याओं का निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए हैं। जनसमस्याओं के निराकरण के लिए माघ मेले में दो टोल फ्री नंबर ( 18001805350, 18001805340 ) भी चलाए जा रहे हैं जिन पर लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। मंडलायुक्त ने मंगलवार को मेले में आये प्रमुख संतों से भी मुलाकात की तथा उनके द्वारा उठाई गई सुविधाओं संबंधित समस्याओं का तत्काल निराकरण करने का आश्वासन दिया है। जिन संतों से मंडलायुक्त ने मुलाकात की उनमें खाक चौक के महामंडलेश्वर संतोष दास सतुआ बाबा महामंडलेश्वर माधवदास हिटलर बाबा महंत गोपाल दास, अखिल भारतीय दंडी स्वामी परिषद के संरक्षक स्वामी महेशाश्रम, परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी ब्रह्माश्रम जी महराज, अखिल भारतीय दंडी संन्यासी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष स्वामी विमल देव आश्रम, रामानुज प्रबंध समिति, दंडी स्वामी नगर तथा आचार्य बाड़ा के संत शामिल रहे। इस अवसर पर उन्होंने सभी संतों से अपने-अपने परिसरों में कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित करने की भी अपील की।

Exit mobile version