माघ मेले में मोबाइल नेटवर्क धड़ाम

संगम नोज के दो किमी दायरे में मोबाइल नेटवर्क की समस्‍या से स्नानार्थी भटके

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेला क्षेत्र में मौनी अमावस्या के शुभ मुहूर्त पर सोमवार की दोपहर 1.27 बजे से ही गंगा में पुण्य की डुबकी लगाने का सिलसिला शुरू हो गया था। यह क्रम मंगलवार और तेज हो गया है। कई किलोमीटर में फैले मेला क्षेत्र में लाखों लोगों की भीड़ है। एक साथ हजारों लोग संगम में पुण्य की डुबकी लगा रहे है। भीड़ बढ़ी तो मेला क्षेत्र से मोबाइल नेटवर्क ठप हो गया है। इससे श्रद्धालुओं को अपनों से संपर्क करने में दिक्‍कत हो रही है।

*मेला क्षेत्र में खोया पाया केंद्र में अपनों को ढूंढने जुटी भीड़*

मेले में खोया पाया सेंटर पर भीड़ लगी है। हजारों लोगों ने अपनों से बिछड़ने की सूचना वहां दी। लगातार लोगों को मिलवाया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने कहा कि अगर मोबाइल नेटवर्क चलता होता तो अपनों को ढूंढने में इतनी परेशानी न होती। अपनों से बिछड़े लोग एक दूसरे को मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। वे लगातार फोन लगा रहे है लेकिन किसी से बात नहीं हो पा रही है। मोबाइल नेटवर्क की खराब व्यवस्था पर श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई।
मोबाइल नेटवर्क की समस्‍या खासकर गंगा, यमुना के पावन संगम नोज के आसपास है। यहां करीब दो किलोमीटर के दायरे में मोबाइल नेटवर्क काम नहीं कर रहा है। इससे श्रद्धालु परेशान हो रहे हैं। श्रद्धालुओं का कोई परिचित भटक जा रहा है तो वह उसे ढूंढ नहीं पा रहे हैं। दूर दराज से आए लोग मेले में अपनों से बिछड़ रहे हैं।

Exit mobile version