
अधिवक्ता को ब्लैकमेल करके पैसा मांगा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता को अश्लील वीडियो के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। शातिरों ने सीबीआई का अफसर बनकर अधिवक्ता पर फर्जी मुकदमा करने की धमकी भी दे रहे हैं। अतरसुइया पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके जांच कर रही है। अतरसुइया क्षेत्र के रहने वाले अधिवक्ता उत्सव सिंह ने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर उनकी एक महिला से दोस्ती हुई थी। एक रात महिला ने वीडियो कॉल किया और इसके बाद उसकी स्क्रीन पर अश्लील वीडियो नजर आने लगा। इस दौरान उसने रिकॉर्डिंग कर ली और उनकी फोटो एडिट करके ब्लैकमेल करने की कोशिश की। बाद में एक अन्य व्यक्ति ने खुद को सीबीआई का अफसर बताकर कॉल किया और धमकाया कि उसे फर्जी मुकदमे में जेल भेज देंगे। अधिवक्ता को ब्लैकमेल करके पैसा मांगा जा रहा है। इस मामले में कार्रवाई करने के लिए अधिवक्ता ने मुकदमा दर्ज कराया है।