
लखनऊ ( अनुराग दर्शन समाचार )। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि गठबंधन के प्रति लोगों का भरोसा और विश्वास बढ़ा है। हमारी बीच की एकता से किसान नौजवान और कमेरा वर्ग में उम्मीद जगी है। इससे भाजपा की बौखलाहट बढ़ गई है। मुख्यमंत्री योगी और अन्य नेता बौखलाए हुए हैं, इसीलिए गर्मी और ठंडक जैसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। बुलंदशहर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ पे्रस कांफ्रेस में जयंत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा होती है। हमने किसी भी मुख्यमंत्री से इस तरह की भाषा कभी नहीं सुनी थी। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर किसान आंदोलन का क्षेत्र है। देश की सीमाओं की रक्षा के लिए यहां के घर घर से जवान सीमा पर तैनात हैं। हम लोग देश की रक्षा करते हैं, देश पर जान न्यौछावर करने के लिए तैयार रहते हैं, इसीलिए हमारा खून भी गर्म है। उन्होंने कहा कि योगी जी क्षेत्र के मिजाज को नहीं समझ पाए हैं। वह हमें जितना धमकाएंगे, हम लोग उतने ही एक और संगठित होंगे और ताकतवर होंगे। जयंत चौधरी ने कहा कि इस चुनाव में मुद्दा साफ है। नौजवानों को नौकरी दिलानी है, अस्पतालों को बेहतर करना है, शिक्षा व्यवस्था को सुधारना है। कानून-व्यवस्था मजबूत करके सबको न्याय देना है। गठबंधन सरकार गरीब और किसान वर्ग के उत्थान के लिए काम करेगी। गन्ने का समय पर भुगतान कराएगी। जयंत ने कहा कि बीजेपी सरकार ने किसानों के साथ अत्याचार और अन्याय किया है। सडक़ पर कील लगवाई। अवरोध खड़े किए। लेकिन हमारे किसान मजबूत इरादे के साथ थे। वह भाजपा सरकार के अत्याचार को कभी नहीं भूल सकते।