टेंट में अकेली पाकर वहशी दरिंदे ने बनाया शिकार
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । माघ मेले में एक वहशी युवक ने टेंट में घुसकर आठ साल की मासूम बच्ची के साथ रेप किया। बच्ची टेन्ट में अकेली थी। फूल-माला बेचकर जब मां टेंट में वापस लौटी तो उसे घटना की जानकारी हुई। बच्ची एक कोने में बैठकर रो रही थी। उसके कपड़ों पर खून लगा हुआ था। मां की तहरीर पर झूँसी थाने में आरोपी युवक के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल वह फरार है। बच्ची की माँ द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि वह सराय इनायत थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह माघ मेले में प्रसाद और माला-फूल बेचने का काम करती है। तुलसी मार्ग पर उसने टेंट लगा रखा है। उसका परिवार भी साथ रहता है। महिला ने बताया कि उसकी ननद का लड़का माघ मेला घूमने आया था। वह थरवई थाना क्षेत्र के शीतलपुर टिकरी का रहने वाला है। साथ में उसका दोस्त रमेश भारतीय पुत्र रामलखन भारतीय भी आया था। रोज की तरह वह दोपहर में प्रसाद बेचने चली गई। उसकी ननद का लड़का भी मेला घूमने चला गया। उसने अपने दोस्त को भी साथ चलने को कहा, लेकिन उसने तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर मना कर दिया। टेंट में महिला की आठ साल की बच्ची सो रही थी। इसी बीच रमेश ने मौका पाकर बच्ची से रेप किया। रेप के बाद जब बच्ची रोने लगी, तो रमेश मौके से भाग गया। आस-पड़ोस के टेंट में रह रहे लोगों ने जब बच्ची के रोने की आवाज सुनी, तो उसे बताया। वह जब टेंट पहुंची तो बच्ची के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और वह रो रही थी। वह काफी डरी हुई थी। इसके बाद महिला ने मेला पुलिस को बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।