छापेमारी करने पहुंची एसओजी टीम पर आरोपी के परिजनों का हमला

सिपाही का सिर फटा,वहीं महिला ने दरोगा को दांत काट लिया

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । असलहा तस्कर की तलाश में राजापुर में छापेमारी करने पहुंची एसओजी टीम पर आरोपी के परिजनों ने शुक्रवार देर रात हमला कर दिया। विरोध करने पर महिलाओं ने घेर लिया। इसके बाद पथराव कर दिया जिसमें एक सिपाही का सिर फट गया। वहीं महिला ने दरोगा को दांत काट लिया। इस घटना से वहां खलबली मच गई। एसओजी टीम ने भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर एसपी सिटी और एसपी क्राइम ने कई थानों की पुलिस के साथ वहां छापेमारी की। मुख्य आरोपी समेत छह को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि एसओजी ने एक युवक को असलहा के साथ पकड़ा था। उसने पूछताछ में बताया कि राजापुर के अजय पासी से उसने असलहा खरीदा था। एसओजी टीम के दरोगा आशीष कुमार, सिपाही मनीष और अरविंद इसी सूचना पर आरोपी अजय की तलाश में वहां छापेमारी करने पहुंच गए। शुक्रवार देर रात पुलिस के पहुंचने पर मोहल्ले में खलबली मच गई। एक घर के बाहर महिला समेत कुछ लोग शराब पी रहे थे। एसओजी टीम ने उनसे पूछा कि इसमें अजय पासी कौन है, यह सुनते ही वहां मौजूद लोग भड़क गए। उन्हें लगा कि बाहर से कुछ लोग पकड़ने आये है। पुलिस बताने के बाद भी नशे में धुत आरोपियों ने एसओजी टीम के साथ बदसलूकी शुरू कर दी और महिलाओं ने पुलिस को घेर लिया। गाली गलौज के बाद धक्कामुक्की शुरू हो गई । पुलिसकर्मियों के कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान एक महिला ने दरोगा आशीष को दांत भी काट लिया। स्थिति बिगड़ने पर एसओजी टीम वहां से भागने लगी। इस दौरान अराजक तत्वों ने पीछे से पथराव कर दिया जिसमें सिपाही मनीष का सिर फट गया। सूचना मिलने पर आधी रात को कई थानों की पुलिस पहुंची और सभी घरों की तलाशी ली गई। पुलिस ने अजय समेत छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि शहर के निजी अस्पताल में मनीष और आशीष का प्राथमिक उपचार कराया गया है। दोनों की हालत सामान्य है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version