
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की गठबंधन पार्टी अपना दल (एस) ने पूर्व मंत्री राकेश धर त्रिपाठी को प्रतापपुर से सीट उम्मीदवार घोषित किया है। इसके अलावा, प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज सीत पर जीतलाल पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है। जीतलाल पटेल अपना दल (एस) प्रतापगढ़ के निवर्तमान अध्यक्ष हैं। राकेश धर त्रिपाठी पहले भाजपा और बसपा में रहे हैं। वह बहुजन समाज पार्टी की सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री रहे हैं। पिछला चुनाव उन्होंने दूसरे दल के टिकट पर लड़ा था और अब अपना दल (एस) में आ गए। राकेश धर त्रिपाठी सैदाबाद विकास खंड के बजहामिश्रान ग्राम सभा के मौजा चौराबडेरा के मूल निवासी हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे राकेशधर त्रिपाठी 1985 में पहली बार जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर विजेता रहे। उसके बाद 1989 में जनता दल से दूसरी बार विधायक चुने गए। 1991 में जनता पार्टी से चुनाव लड़े हार का सामना करना पड़ा। 2017 में उनकी पत्नी प्रमिला त्रिपाठी अपना दल (एस) के टिकट पर हंडिया सीट से चुनाव मैदान में थीं मगर हाकिम लाल बिंद से हार झेलनी पड़ी थी। 1993 में निर्दल प्रत्याशी के रूप में हंडिया विधानसभा से अपनी दावेदारी पेश की। 1996 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर जीत हासिल की थी। भाजपा के टिकट पर ही 2002 के विधानसभा चुनाव में हार झेलनी पड़ी। फिर 2007 के यूपी विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर जीतकर विधायक चुने गए। इसके बाद 2012 में बसपा से लड़ने के बाद पराजित हुए। 2014 में भदोही लोकसभा क्षेत्र से चुनाव में नामांकन किया था लेकि हार गए थे।