भगवान राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराने की तैयारी में भारतीय रेलवे

22 फरवरी से श्रीरामायण यात्रा पर्यटक ट्रेन चलाएगा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। भगवान राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराने के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) 22 फरवरी से श्रीरामायण यात्रा पर्यटक ट्रेन चलाएगा। देखो अपना देश की थीम पर 7500 किलोमीटर की यह यात्रा होगी। 22 फरवरी को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से यात्रा शुरू होगी। 20 दिन बाद वहीं पर इसका समापन होगा। ट्रेन में फर्स्ट एसी व सेकंड एसी की सुविधा होगी। कुल 156 यात्री इसमें सफर कर सकते हैं। पर्यटकों को भरद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुरधाम का भी दर्शन कराया जाएगा। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह ट्रेन प्रभु श्रीराम से जुड़े अधिकांश महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों का भ्रमण व दर्शन कराएगी। तीन नए स्थल बक्सर, कांचीपुरम और भद्राचलम भी इस यात्रा में शामिल हुए है। इसमें अयोध्या के हनुमान मंदिर, नंदीग्राम, भरत मंदिर, सीतामढ़ी, नेपाल के जनकपुर स्थित राम जानकी मंदिर, बक्सर के रामरेखा घाट, पुरातन मंदिर, काशी, सीता समाहित स्थल, भरद्वाज आश्रम, श्रृंगवेरपुर, चित्रकूट हैं। काशी, प्रयाग व चित्रकूट में रात्रि विश्राम भी होगा। नासिक में पंचवटी, त्रयंबकेश्वर, हंपी में अंजनी पर्वत, हनुमान जन्म स्थल, रामेश्वरम, धनुषकोडी, कांचीपुरम का दर्शन कराया जाएगा। अंतिम पड़ाव भद्राचलम होगा।

Exit mobile version