
इलाहाबाद। 21 सितंबर: कुम्भ मेले को लेकर चल रही तैयारियां का जायज़ा लेने के लिए प्रदेश के स्टाम्प एवं नागरिक उड्डयन मंत्री एवं इलाहाबाद दक्षिण के विधायक श्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने शुक्रवार को
निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रहे सामग्रियों को सैंपल के तौर पर टेस्टिंग के लिए भेजा।
गौरतलब है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की क्वालिटी को लेकर शिकायत मिलने के बाद नन्दी ने निरीक्षण कर सैंपल को जांच के लिए भेजा है।
इस क्रम में कैबिनेट मंत्री ने बिजली घर चौराहे, सिविल लाइन्स पर सड़क के दोनों ओर चल रहे निर्माण कार्य को देखा। साथ ही वहां इस्तेमाल हो रहे ईंट, बालू और सीमेंट के मिश्रण के अलावा सीमेंट के ब्लॉक को सैंपल के तौर पर लेकर जांच के लिए मोतीलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज भेजने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सूबे के मंत्री ने कहा कि कुम्भ में चल रहे कार्यों पर सरकार की पैनी नज़र है। और मेले के सफल आयोजन के लिए योगी आदित्यनाथ जी की अगुवाई वाली प्रदेश सरकार कृतसंकल्पित है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि कुंभ से जुड़े सभी कार्य अक्तूबर तक पूरे हो जाने चाहिए। वो खुद कई बार इलाहाबाद जाकर कुम्भ की तैयारियों का जायजा ले चुके हैं।
जनता दर्शन में भी हुये सम्मलित
कैबिनेट मंत्री नन्दी ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित जनता दर्शन में आये सभी लोगों की समस्याओं को गम्भीरता पूर्वक सुना और यथा सम्भव मदद का आश्वासन दिया। बड़ी संख्या में आये फरियादियों की समस्याओं को सुनने के बाद मंत्री ने उनके निराकरण हेतु जिलों के डीएम व एसपी को पत्र लिखकर शीघ्र जांच कर निस्तारण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि की गयी कार्यवाही से उन्हें जल्द अवगत कराया जाए।