नंदी ने श्रद्धालुओं को अपने हाथ से किया प्रसाद वितरण

तीर्थ पुरोहितों ने लिया संकल्प, बारह महीने चलेगा अन्न क्षेत्र

प्रयागराज, 17फरवरी। संगम तट के करीब महावीर मार्ग स्थित तीर्थ पुरोहित चौराहे पर तीर्थ पुरोहितों द्वारा महीने भर आयोजित श्री प्रयागराज अन्न क्षेत्र भंडारा पूर्णिमा को समाप्त हुआ। समापन कार्यक्रम में शहर दक्षिणी के विधायक नंद गोपाल गुप्ता नंदी विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। श्री नंदी ने तीर्थ पुरोहितों का आशीर्वाद लिया एवं श्रद्धालुओं को अपने हाथ से प्रसाद वितरण किया। इस अवसर पर तीर्थ पुरोहितों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया और भंडारे को आने वाले समय में बारह महीने चलाने का संकल्प लिया। भंडारे के संस्थापक पंडित रोहित शर्मा का कहना है कि जब तक संगम तट पर आए हुए आखिरी श्रद्धालु तक भोजन नहीं पहुंच जाएगा तब तक इस भंडारे का औचित्य पूर्ण नहीं होगा और तब तक हम पूरी ऊर्जा के साथ प्रयासरत रहेंगे। श्री प्रयागराज अन्न क्षेत्र के समापन कार्यक्रम में तीर्थ पुरोहितों ने यज्ञ एवं हवन किया। तत्पश्चात सभी ने संकल्प लिया कि भंडारे को भविष्य में जल्द से जल्द 12 महीने संचालित किया जाएगा।

Exit mobile version