25 लाख का खाद्यान्न गया कहां खाद्यान्न- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को न देकर गोदाम से ही बेच दिया

संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने में रहे नाकाम

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में बड़ा घोटाला सामने आया है। जिले के होलागढ़ में सीडीपीओ ने नवंबर 2020 माह का खाद्यान्न आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को न देकर गोदाम से ही बेच दिया। इसकी जानकारी जिलाधिकारी को हुई तो उन्होंने जिला विकास अधिकारी अशोक कुमार मौर्य को जांच कराकर कार्रवाई का निर्देश दिया। डीडीओ ने जांच टीम गठित की और उस कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री के पास 17 फरवरी को सीडीपीओ की शिकायत पहुंची। उन्होंने तत्काल इस पर जांच और कार्रवाई के लिए डीडीओ को निर्देशित किया। डीडीओ ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी) और बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी की जांच टीम गठित की। यह टीम 18 फरवरी को होलागढ़ पहुंची। उन्होंने स्टाक पंजिका और चालान रजिस्टर देखा। आरोपित सीडीपीओ से पूछताछ की गई। अभिलेख देखा तो पता चला कि दिसंबर माह की इंट्री सही रही। हालांकि नवंबर में करीब 25 लाख का खाद्यान्न कहां गया यह बताने और उससे संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने में वह नाकाम रहे। इसलिए रजिस्टर समेत अन्य अभिलेख जांच टीम ने जब्त कर लिया है।जांच कमेटी के सदस्य जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज मिश्रा ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। जांच के बाद हम अपनी रिपोर्ट सौंपेगे। आगे की कार्रवाई जिलाधिकारी स्तर पर होगी। वहीं, डीडीओ अशोक कुमार मौर्य ने कुछ भी बताने से इन्कार किया।

Exit mobile version