
पहाडी/चित्रकूट ( अनुराग दर्शन समाचार ) । एक सप्ताह बीतने के बाद भी बालू माफिया शिवचन्द्र त्रिपाठी के बनाये अवैध पुलों को नहीं हटाया गया। धडल्ले से बालू माफिया नदी से खनन कर लाल सोना की लूट मचाये है। बालू माफिया/ठेकेदार पर आरोप है कि खेतों की बालू जबरियां निकाल रहा है। शुक्रवार को कर्वी तहसील के गढीघाट में संचालित बालू खदान फुलवारी घाट में अवैध खनन जोरों पर चल रहा है। बालू माफिया शिवचन्द्र त्रिपाठी एनजीटी नियमों को ताक में रखकर अवैध पुल बनाकर अवैध खनन करा रहा है। फुलवारी बालू खदान में दर्जन भर प्रतिबंधित मशीनों से बागे नदी का सीना चीरकर अवैध खनन हो रहा है। घाट संचालक शिवचन्द्र त्रिपाठी ओवरलोडिंग कर राजस्व को भारी क्षति पहुंचा रहा है। ओवरलोडिंग से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों को जोडने वाला पहाडी साईंपुर वाया सिंहपुर बांदा मुख्य मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गया है। जिम्मेदार अधिकारियों को कोई परवाह नहीं है।
अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने जिले के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन खनन माफियाओं की सांठगांठ से ग्रामीणों की किसी ने सुधि नहीं ली। बीते वर्ष पोकलैण्ड से जलधारा के बीच में अवैध खनन से बागे नदी में तीन नाबालिग बच्चों की जान चली गई थी। कोई भी अधिकारी किसानों की शिकायत पर अवैध खनन को देखने या कार्यवाही करने जाता है तो दिखावे के लिए फोटो खिंचवाकर चले आते हैं। फुलवारी घाट में ठेकेदार लीज से हटकर बागे नदी की जलधारा में पोकलैण्ड लगाकर दिन-रात खनन करा रहा है। नदी की जलधारा को बदलकर तीन अवैध पुल बना लिए हैं। गांव की ओर पानी न होने से जानवरों एवं सिंचाई के लिए किसानों को पानी के लिए जूझना पड रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि दबंग ठेकेदार ने गरीबों की सब्जी की खेती को नष्ट कर दिया है। गरीबों के सामने रोजी-रोटी का संकट खडा हो गया है। सब्जी बेंचकर जीविका चलाने वाले बेरोजगार हो गये हैं। क्षेत्र के सिंहपुर गांव के हरदेव पाण्डेय ने आरोप लगाया कि पट्टा चित्रकूट का है, अवैध खनन बांदा जिले में हो रहा है। खेतों से जबरियां बालू निकाली जा रही है। खनिज अधिकारी शनि कौशल से एक सप्ताह पहले नदी में नदी अवैध पुलों की बात की गई थी। उन्होंने कहा कि अवैध पुलों की जांचकर कार्यवाही की जायेगी। अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई।