प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । अतरसुइया इलाके में चोरों ने ताला तोड़कर एक शिक्षिका की बहू के लाखों रुपये कीमत के गहने पार कर दिए। शनिवार को चोरी की जानकारी हुई तो परिवार में खलबली मची रही। समदाबाद, अतरसुइया निवासी फरहत अली की मां रुखसाना शिक्षिका है। फरहत ने बताया कि दो दिन पहले वह परिवार के साथ लखनऊ चला आया था। इस दौरान घर में ताला बंद था। शुक्रवार की रात 8 बजे तक उसके एक रिश्तेदार घर में रुके थे। उसके बाद वह चले गए। रात 1:30 बजे तक मोहल्ले वाले उसके घर के बाहर बैठे थे। शनिवार सुबह पड़ोसी ने सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा है। फरहत ने बताया कि एक महीना पहले ही उसका निकाह हुआ था। उसकी बेगम के लाखों रुपये कीमत की ज्वैलरी घर के अंदर रखी थी। मां ने लगभग एक लाख कैश रखा था। पता चला है कि सब कुछ चोर उठा ले गए। वह लखनऊ से घर लौट रहा है। पुलिस को सूचना दे दी गई है।