करेली में बम धमाका मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन संदिग्‍धों को लिया हिरासत में

 

घटना में एक कथित नेता की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है

क्राइम ब्रांच और करेली पुलिस कर रही जांच

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पिछले दिनों मतदान के दौरान 27 फरवरी को करेली में बम धमाका हुआ था। इसमें एक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन संदिग्‍धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ में अहम सुराग भी मिलने की बात कही जा रही है। इसके आधार पर माना जा रहा है कि घटना का जल्‍द ही राजफाश हो जाएगा।
आठ दिन बाद भी बम धमाके का मुख्य आरोपित पुलिस की पकड़ से दूर है। करेली में मतदान केंद्र के करीब हुए बम धमाके में अभियुक्त की जल्द गिरफ्तारी न होने पर थानाध्यक्ष पर कार्रवाई होगी क्योंकि लगभग आठ दिन बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इसको लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी गंभीर घटना को लेकर जिस तरीके से करेली पुलिस देख रही है। उसे बहुत संतोषजनक नहीं माना जा रहा। ऐसे में अब थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय करने पर मंथन शुरू हो गया था।
क्राइम ब्रांच और करेली पुलिस ने बेनीगंज इलाके से कुछ महिलाओं को भी रविवार को पकड़ा था। सभी से पूछताछ की गई। कहा जा रहा है कि इस घटना में एक कथित नेता की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। उसके मोबाइल की काल डिटेल रिपोर्ट निकलवाने के साथ ही करीबियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का यह भी पता चला है कि अब तक कई नाम प्रकाश में आए हैं, जिसको लेकर गुटबाजी भी शुरू हो गई है, जिससे सच्चाई का पता लगाना कठिन हो रहा है।

Exit mobile version