भोर में चार बजे से कानपुर मार्ग पर आवाजाही ठप,भारी वाहनों की नो इंट्री

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )।मुंडेरा मंडी में गुरुवार को होने वाली मतों की गिनती के दौरान बाहर सड़क पर भारी भीड़ एकत्र होने की संभावना है। साथ ही वाहनों का जमघट भी यहां रहेगा। पुलिस द्वारा बैरीकेडिंग भी की जाएगी। ऐसे में यातायात न प्रभावित हो, इसके मद्देनजर यातायात विभाग ने कई कदम उठाए हैं। मतगणना वाले दिन भोर में चार बजे से ही कानपुर की तरफ जाने और उधर से प्रयागराज आने वाले वाहन पूरे तरीके से प्रतिबंधित रहेंगे। कौशांबी, फतेहपुर और कानपुर की तरफ जाने वाली रोडवेज बसें फाफामऊ, नवाबगंज बाईपास से कोखराज बाईपास होते हुए आगे को रवाना होंगी। यहीं व्यवस्था आने वाली बसों पर भी लागू होगा। छोटे वाहन हाईकोर्ट पानी की टंकी से ही घुमा दिए जाएंगे। ये वाहन जोगीवीर तिराहा, लूकरगंज, चकिया झलवा, कटहुला मोड़, बमरौली एयरपोर्ट होते हुए मंदर मोड़ से आगे बढ़ेंगे। उधर से आने वाले वाहन इसी मार्ग से आएंगे। भारी वाहनों की नो इंट्री रहेगी, जबकि डीजल, पेट्रोल और गैस के टैंकर मंदर मोड़, कटहुला मोड़, झलवा, चकिया, लूकरगंज, जोगीवीर तिराहा, पानी की टंकी से शहर की तरफ दाखिल होंगे। एसपी यातायात एके दीक्षित ने बताया कि भारी वाहनों को बमरौली पुलिस चौकी, सहसों चौराहा, हबूसा मोड़, सोरांव बाईपास, नवाबगंज बाईपास, फाफामऊ, टीपी नगर तिराहा, रामपुर चौराहा, घूरपुर थाने के पास रोका जाएगा। कानपुर मार्ग पर आवागमन मतगणना समाप्त होने के बाद ही बहाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी जगहों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इसमें टीएसआइ और सिपाही शामिल रहेंगे। जबकि यातायात निरीक्षक भी भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहेंगे।

Exit mobile version