
*मोदीजी के कांग्रेस विहीन भारत की कल्पना को पंजाब ने किया और मजबूत : केसरी देवी पटेल*
उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों में पुनः सरकार बनाने में सफल भारतीय जनता पार्टी को तथा विजयी हुए प्रत्याशियों को फूलपुर सांसद ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि मोदी जी के कांग्रेस विहीन भारत की कल्पना को वहां की जनता ने और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की किसान, नौजवान, महिलाएं एवं अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के प्रति ईमानदार सोच तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था और गुंडों पर शिकंजा तथा बुलडोजर चलाने का परिणाम उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार पुनः बनाने में सफल होने पर बधाई देते हुए उन्होंने देश एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार भी व्यक्त किया। प्रसन्नता व्यक्त करने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक दीपक पटेल, सांसद मीडिया प्रभारी पार्षद पवन श्रीवास्तव, विजय पटेल, चंद्रिका पटेल, अविनाश निषाद, शुभेंदु श्रीवास्तव, राजकुमार पांडेय सहित अनेक लोग रहे।
*भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न*
उत्तर प्रदेश की सत्ता पर कब्जा बरकरार रखने में कामयाब भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत का प्रयागराज के ऐतिहासिक सुभाष चौराहे पर पार्षद पवन श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम तथा मोदी-योगी जिंदाबाद का गगनभेदी उद्घोष लगाते हुए घंटा घड़ियाल, शंख बजाकर आतिशबाजी एवं नृत्य करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। तत्पश्चात मोटरसाइकिल पर भाजपा का ध्वज लेकर भ्रमण करते हुए मुंडेरा मंडी की ओर जुलूस की शक्ल में पहुंचे, जहां सभी ने एक दूसरे को बधाई देकर रंग गुलाल से भगवा होली खेली। पार्षद पवन श्रीवास्तव ने कहा कि अशांति दूतों के विश्वास, दावों और भावनाओं पर मुख्यमंत्री बाबा का बुलडोजर चला जिससे जनता ने उनको आशीर्वाद दिया और भारत के सबसे बड़े प्रदेश में दोबारा सरकार बनाने की अनुमति भी प्रदान की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नगर की जनता को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को आशीर्वाद देने के लिए बधाई भी दिया।