
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। शिवकुटी थानाक्षेत्र में बीते आठ मार्च को हुई तीन लाख 41 हजार रुपयों की लूट का गुरुवार को खुलासा हो गया। यह सनसनीखेज वारदात अंतर्जनपदीय लुटेरों के एक गैंग ने की थी।
शिवकुटी थाने की पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने लूट में शामिल आधा दर्जन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। लुटेरों के पास से घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, पिस्टल, तमंचा व कारतूस सहित लूट के 36 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पकड़े गए लुटेरों में 25 हजार का इनामिया भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि 8 मार्च को बाइक सवार बदमाशों ने असलहों के दम पर एक एजेंसी के कर्मचारी से शिवकुटी थाना क्षेत्र स्थित वीर अब्दुल हमीद गेट के पास लूट की थी। घटना में शामिल गैंग के तीन सदस्य फरार हैं उनकी तलाश की जा रही है।
घटना के अनावरण की जानकारी प्रेस प्रतिनिधियों को देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि शिवकुटी थाना और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने असलम पुत्र अख्तर अली निवासी हरीहरगंज थाना रानीगंज प्रतापगढ़, रूबान अहमद पुत्र इम्तियाज अहमद सराय जमुनी पोस्ट हरिहरगंज थाना रानीगंज, गौरव शर्मा उर्फ बाला पुत्र कृपा शंकर निवासी छोटा बघाड़ा थाना कर्नलगंज प्रयागराज, एजाज अली पुत्र ताजूब अली निवासी गहरी चक थाना कंधई प्रतापगढ़, नवनीत सिंह पुत्र प्रेम नारायण सिंह निवासी सुमाकरपुर थाना नोनहरा गाजीपुर और विशाल कुशवाहा पुत्र स्वर्गीय फूलचंद्र निवासी रसूलाबाद घाट थाना शिवकुटी को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी ने बताया कि लुटेरों का अपना गैंग है। गैंग का सरगना रूबान अहमद व एजाज अली ने पूछताछ में बताया कि वह पढ़ने वाले छात्रों को रुपयों का लालच देकर लूट की घटना कराते हैं और घटना को अंजाम देने के बाद सभी पढ़ने वाले छात्रों के बीच विश्वविद्यालय के मुस्लिम हॉस्टल, छोटा बघाड़ा वह मामा भांजा तालाब नैनी में छुपकर रहते हैं। पकड़े गए अभियुक्तों में दो पॉलिटेक्निक के छात्र हैं। अभियुक्त एजाज पर प्रतापगढ़ से लूट के एक मामले में 25 हजार का ईनाम था।
गैंग के सरगना रुबान अहमद पर हत्या व लूट आदि विभिन्न अपराधों के कुल 11 मुकदमे प्रतापगढ़ के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। लुटेरों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर वैभव सिंह और थाना प्रभारी शिवपुरी यस आई मनीष कुमार त्रिपाठी सहित कुल 20 पुलिसकर्मी शामिल थे। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर चतुर्थ अजीत चौहान भी मौजूद रहे।