
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । शहर में होली उत्सव की धूम है। हर तरफ होली के बजते गीतों के बीच रंगों की बौछार हो रही है। घर, गली, मोहल्ले, पार्क, चौराहे होलीमय है। डीजे के धुन पर थिरकते युवा होली की मस्ती में डूबे हैं। सबसे अधिक उल्लास व रोमांचक दृश्य लोकनाथ की मशहूर होली में है।
ऐतिहासिक होली का साक्षी बनने के लिए हर कोई आतुर है। बड़ी होली पर सुबह से शहर के हर मोहल्ले से लोग होली खेलने पहुंच रहे हैं। भीड़ पर बरसते रंग, गुलाल, कागज की रंगीन कतरन से चौक क्षेत्र होलीमय है। पाइप से पानी और रंग की होती अनवरत बारिश के बीच युवाओं ने तन के कपड़े फाड़कर बिजली के तारों पर लटका दिए हैं।
दारागंज में भी दमकल युद्ध से रंग की बौछार हो रही है। विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या से लोग होली खेलने और देखने के लिए उमड़ रहे हैं। रंगों से सराबोर और उल्लास में डूबे लोग पिछले दो साल की कसर पूरा कर रहे हैं। छतों, बारजों से लोग रंग, गुलाल बरसा रहे हैं। फौव्वारों से बरसते रंगों के बीच होली गीत उत्साह में रंग भर रहे हैं।