समाज और देश को जागरूक करने का काम करेगी द कश्मीर फाइल्सः मुख्यमंत्री

(अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कश्मीरी पंडितों के पलायन और उस विभीषिका के दर्द को बयान करने वाली फिल्म द कश्मीर फाइल्स की टीम ने कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री, अभिनेत्री पल्लवी जोशी, अभिनेता अनुपम खेर, फिल्म के प्रोड्यूसर अभिषेक अग्रवाल के साथ ही टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। कश्मीर फाइल्स की टीम ने द कश्मीर फाइल्स को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किए जाने पर मुख्यमंत्री से आभार व्यक्त किया।

आतंकवाद की अमानवीय विभीषिका दर्शाती है कश्मीर फाइल्स

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने द कश्मीर फाइल्स की टीम से मुलाकात करते हुए कहा कि फिल्म द कश्मीर फाइल्स मजहबी कट्टरता व आतंकवाद की अमानवीय विभीषिका को निर्भीकता से प्रकट करती है। निःसंदेह यह चलचित्र समाज व देश को जागरूक करने का काम करेगा। ऐसी विचारोत्तेजक फिल्म निर्माण के लिए पूरी टीम को बधाई देता हूं।

1990 के दशक की कश्मीर घाटी को दिखाती है कश्मीर फाइल्स

आजाद भारत में तीन दशक पहले कश्मीर से अल्पसंख्यक हिंदू पंडितों का पलायन और उनकी दुर्दशा की सच्चाई को द कश्मीर फाइल्स फिल्म में दिखाया गया है। यह फिल्म लोगों को भावनात्मक रूप से जगाती है। यह 1990 के दशक की कश्मीर घाटी को दिखाती है और कश्मीरी पंडितों पर आतंकियों द्वारा किए गए जुल्म को दिखाती है। इस्लामिक आतंकवादियों द्वारा कश्मीरी पंडितों को उनके घरों से भगाने के लिए मजबूर किए जाने की कहानी बताती है। इस फिल्म में बताया गया है कि कैसे 1990 के दशक में कश्मीर से हिंदू पंडितों को भगाया गया भगाने के साथ-साथ उनके साथ अत्याचार किया गया। उनकी महिलाओं को पीड़ित किया गया। यह पूरी कहानी इस फिल्म में दिखाई गई है जो कि सच्ची घटनाओं पर आधारित है। मुख्यमंत्री से भेंट वार्ता के पूर्व कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आगमन पर द कश्मीर फाइल्स टीम के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया। वहीं कश्मीर फाइल्स जैसी फिल्म बनाने के लिए पूरी टीम के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कहा कि कश्मीरी पंडितों के साथ हुई त्रासदी की जिस हकीकत को वर्षों तक दबाया गया, अब वह देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के सामने आ रही है। जिसके बाद उन लोगों की बोलती बंद है गई है, जो कश्मीरी पंडितों के साथ हुए उत्पीड़न के लिए जिम्मेदार हैं।

समस्त भारतीयों को जोड़ने का अभूतपूर्व कार्य कर रही कश्मीर फाइल्स: विवेक अग्निहोत्री

फिल्म के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने उत्तर प्रदेश में द कश्मीर फाइल्स को टैक्स फ्री किए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त। कहा कि प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का अखंड भारत का जो सपना है द कश्मीर फाइल्स उस दिशा में सारे विश्व में समस्त भारतीयों को जोड़ने का अभूतपूर्व काम किया है। भारतीय सभ्यता क लिए यह एक स्वर्ण काल है।

Exit mobile version