मुख्यमंत्री योगी ने किया मां विंध्यवासिनी का दर्शन,किया पूजा पाठ

सीएम योगी ने परिसर में मौजूद मां काली के समक्ष भी शीश नवाया

( सुमित पांडेय ) विंध्याचल (अनुराग दर्शन समाचार ) । चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां विंध्यवासिनी मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। सीएम योगी ने परिसर में मौजूद मां काली के समक्ष भी शीश नवाया। इस दौरान विंध्य धाम परिसर माता के जयकारे से गूंजता रहा। निर्धारित कार्यक्रम से डेढ़ घंटे की देरी से मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड में उतरा।वहां उनका स्वागत मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र, एडीजी वाराणसी जोन राम कुमार, डीआईजी आरके भारद्वाज, डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने किया। परिसर में जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सीएम योगी का काफिला भरुहना, शीतल तिराहा, अमरावती चौराहा होते हुए मंदिर पहुंचा।10 मिनट के भीतर दर्शन-पूजन के बाद सीएम योगी का काफिला पुनः पुलिस लाइन पहुंचा और फिर हेलीकॉप्टर से वे वाराणसी के लिए उड़ गए। आयुक्त सभागार में होने वाली समीक्षा बैठक नहीं हुई। लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद यह ऐसा पहला मौका रहा जब योगी आदित्यनाथ ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाई।प्रदेश में दूसरी बार सरकार बनने के बाद पहले दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम वाराणसी पहुंचे थे। अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद अधिकारियों संग बैठक कर विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। रविवार सुबह नेपाल के प्रधानमंत्री की अगवानी की। उनके साथ मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। नदेसर स्थित होटल में शिष्टाचार मुलाकात के बाद नेपाली पीएम को विदा कर सीएम योगी वाराणसी से विंध्याचल पहुंचे।।

Exit mobile version