गर्मी से बचने के लिए फूड्स का करें सेवन- डॉ0 आर के शर्मा

नारियल पानी पीने से पेट की हर प्रकार की बीमारी से बच सकते है
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। संतरा एक ऐसा फल है जो न केवल गर्मी से बचाने बल्कि, शरीर को कई लाभ पहुंचाने में सहायता कर सकता है। डॉ आर के शर्मा ने बताया संतरे की तासीर ठंडी होती है। इसमें 88 प्रतिशत पानी, विटामिन-सी, कैल्शियम तथा फाइबर होता है। संतरे को गर्मियों में खाने से शरीर को हेल्दी रखा जा सकता है। गर्मियों के सीजन में नींबू का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायी माना जाता है। गर्मियों में नींबू पानी का सेवन न केवल आपको गर्मियों से बचाएगा बल्कि, भीतर से तरोताजा रखने में भी सहायता कर सकता है। डॉ शर्मा ने कहा गर्मियों के सीजन में आप अपनी डाइट में अधिक से अधिक हरी सब्जियों को सम्मिलित करें। प्रतिदिन लौकी, टिंडा, कद्दू, तरोई एवं सेम जैसी सब्जियों का सेवन शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ पोषक तत्वों की पूर्ति में भी सहायता कर सकते हैं। गर्मी से छुटकारा पाने और शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए आप अपनी डाइट में एक कटोरी दही, रायता या लस्सी को सम्मिलित करें। लस्सी का सेवन न सिर्फ पेट को ठंडक पहुंचाने बल्कि, गर्मी से भी बचाने में सहायता कर सकता है। डॉ शर्मा ने बताया नारियल पानी को न्यूट्रिएंट का भंडार बोला जाता है। प्रतिदिन नारियल पानी पीने से पेट की हर प्रकार की बीमारी से बच सकते हैं। गर्मियों में नारियल पानी पीने से पानी की कमी को दूर किया जा सकता है। बेल का शरबत एसिडिटी और कब्ज, दोनों में असरदार है। कच्चे बेल का शरबत दस्त को रोकता है तो पके बेल का शरबत कब्ज को ठीक करता है। यह शरीर को ठंडक भी प्रदान करता है व पेट के लिए भी ठीक है। डॉक्टर शर्मा ने कहा गर्मियों में डीहाइड्रेशन से बचने के लिए रोजाना 10-15 गिलास पानी पीना चाहिए। कम पानी पीने से यूटीआई (यूरीनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन) जैसी बीमारियां भी हो सकती हैं। वह भी मटके का पानी पीना बेहतर है, लेकिन फ्रिज का बहुत ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए। पसीना निकलना शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है क्योंकि यह आपके शरीर से गंदगी निकालने में मदद करता है। साथ ही आपके शरीर को फिट और स्वस्थ रखने में लाभदायक होता है। डॉक्टर आरके शर्मा ने बताया ऐसे में ज्यादा एक्सरसाइज करें ताकि आप फिट रह सकें।



