प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पुराने शहर के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। मंगलवार दोपहर से लेकर देर शाम तक कई बार बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। भीषण गर्मी में लोग बिना बिजली के उबल रहे। वहीं पीने के पानी को लेकर भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 24 घंटे का रोस्टर, मिल रही 16 घंटे शहर होने के कारण रोस्टर के हिसाब से नगर में चौबीस घंटे विद्युत आपूर्ति का निर्देश है। विद्युत निगम के अफसरों के मुताबिक यहां कोई कटौती नहीं की जा रही है। जबकि हकीकत कुछ और ही है। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि पुराने शहर खुशरूबाग, करैलाबाग, कल्याणी देवी, मोहम्मद अली पार्क खण्ड के क्षेत्र में तीन से चार घंटे की रोजाना कटौती हो रही है। हसीब अहमद ने आरोप लगाते हुए बताया कि बिजली कटौती का बुरा हाल है। कोई पता नहीं कि कब बिजली चली जाए कब आ जाए। भीषण गर्मी में बिना बिजली के परेशानी बढ़ रही है। स्थानीय लोगो के मुताबिक अक्सर ही लो वोल्टेज होने के कारण पंखा भी मुश्किल से घूमता है। शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं रहती है। इससे सभी परेशान हैं लेकिन कोई भी अफसर या अधिकारी इस समस्या से निजात दिला पाने में खुद को असमर्थ बता रहे हैं।