प्रभु श्री राम इस देश के आस्था और विश्वास : पवन

धूमधाम से मनाया भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव, महिलाओं ने गाया सोहर

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) नगर के कटघर स्थित समया माई मंदिर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। एकत्रित महिलाओं ने सोहर भी गाया।
रविवार को राम नवमी के अवसर पर पूरी आस्था एवं श्रद्धा से घंटा घड़ियाल शंख बजाकर भगवान श्री राम की आरती उतारी गई। तत्पश्चात प्रसाद भी वितरित किया गया। भगवान श्री राम जन्म के उपरांत सभी ने एक दूसरे को बधाई दी।
उक्त अवसर पर पार्षद पवन श्रीवास्तव ने उपस्थित राम भक्तों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रभु श्री राम इस देश के आस्था और विश्वास हैं, नायक और लोक नायक हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम के नाम से ही भारत का नाम पूरे विश्व में जाना और पहचाना जाता है और सभी भारतीय देशवासी होने पर अपने को गौरवान्वित महसूस करते हैं। पूर्व पार्षद नीरज गुप्ता ने भी भगवान की आरती उतारी और रोम-रोम में बसने वाले भगवान श्रीराम के चरणों में प्रणाम किया। इस अवसर पर विहिप नेता विनोद सोनकर, विष्णु पंडित, विशाल अग्रहरी, अंकित सोनकर, राजू माली, कृष्णा गुप्ता, कुशाग्र श्रीवास्तव, पिंकी सोनकर, रामा मिश्रा, अनुराधा, अनुप्रिया सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version