
लखनऊ। उप्र विधान परिषद सभापति रमेश यादव की दूसरी पत्नी मीरा को पुलिस ने अपने बेटे अभिजीत (21) की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। एसएसपी कलानिधि नैथानी का दावा है कि महिला ने बेटे की हत्या की बात कुबूल की है। मीरा ने पुलिस को बताया है कि शनिवार देर रात शराब के नशे में धुत अभिजीत ने उन्हें गालियां दीं और मारपीट की। विरोध पर वह हाथापाई पर उतर आया, जिसके बाद उन्होंने अभिजीत का सिर दो बार दीवार से लड़ा दिया। फिर दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी थी।
एएसपी पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि मीरा को सोमवार सुबह छह बजकर पांच मिनट पर दारुलशफा से गिरफ्तार कर कैंट थाने ले जाया गया। मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायालय ने जेल भेज दिया। पुलिस पता लगा रही है कि हत्या में मीरा के अलावा अन्य लोग तो शामिल नहीं थे।
बड़े बेटे को फोन कर दी थी मौत की सूचना : छानबीन में पता चला है कि शनिवार देर रात लगभग दो से ढाई बजे के बीच मीरा ने अभिजीत को मौत के घाट उतारा था। रविवार सुबह उसने नरही इलाके में रहने वाले बड़े बेटे अभिषेक को फोन कर बताया था कि अभिजीत का शरीर ठंडा पड़ गया है। इसके बाद अभिषेक दो लोगों के साथ कमरे पर गया था और पीछे के रास्ते घर में दाखिल हुआ था।
नौकर के जाने पर नहीं खोला था कमरा : सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्र ने बताया कि रविवार सुबह करीब सात बजे एक नौकर विधायक निवास गया था। नौकर ने दरवाजे पर दस्तक दी तो कमरा भीतर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी मीरा ने दरवाजा नहीं खोला था, जिसके बाद वह वापस लौट गया था। पुलिस ने उस नौकर से भी पूछताछ की है।
जलाए गए दुपट्टे के मिले अवशेष : मीरा ने हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जिस दुपट्टे से अभिजीत का गला घोंटा था, उसे गैस चूल्हे पर जला दिया था। पुलिस टीम और फारेंसिक की छानबीन में कमरे से उस दुपट्टे के जले अवशेष मिले हैं। विवेचना के दौरान हजरतगंज पुलिस ने सोमवार को हत्या के मामले में साक्ष्य मिटाने की धारा भी बढ़ा दी। पुलिस का दावा है कि अगर साक्ष्य छिपाने में अन्य लोगों की भूमिका उजागर होती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गुमराह करने के लिए बताई चोट लगने की बात : अभिजीत के गले पर सफेद पदार्थ की मोटी परत जमी थी। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद जब पुलिसकर्मियों ने मीरा से पूछताछ की तो उसने गुमराह कर दिया। मीरा ने बताया कि अभिजीत का एक सप्ताह पहले एक्सीडेंट हो गया था, जिससे उसके गले पर चोट लग गई थी। इसके कारण उसने सोफ्रामाइसिन क्रीम और घी लगाया था। संदेह होने पर जब मीरा से पूछा गया कि उसने अभिजीत का इलाज कहां और किस डॉक्टर से कराया था तो वह जवाब नहीं दे पाई, जिसके बाद पूरी सच्चाई उजागर हो गई। पुलिस ने क्रीम की ट्यूब भी बरामद की है∴