
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। जिले में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए शनिवार सुबह एडीजी प्रेम प्रकाश और आईजी डॉ. राकेश सिंह ने पुलिस अफसरों की जमकर क्लास ली। पुलिस लाइन में एसएसपी अजय कुमार, एसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल, एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित, एसपी सिटी दिनेश सिंह समेत अन्य पुलिस अफसर मौजूद थे।
तीन घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में हाल फिलहाल की सभी घटनाओं पर चर्चा हुई। खासतौर से थरवई में एक ही परिवार के ५ लोगों की हत्या में पुलिस अफसरों ने अब तक की अपडेट ली। उन्होंने जांच करने वाले टीम से विस्तृत जानकारी मांगी। पूछा कि इस प्रकरण में स्थानीय पुलिस ने अब तक क्या प्रगति की है। बता दें कि इस सनसनीखेज घटना को लेकर पुलिस अफसर भी काफी गंभीर है। एडीजी और आईजी खुद ही इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। नैनी जेल जाकर भी अपराधियों से पुलिस अफसरों ने पूछताछ की थी।