
(अनुराग शुक्ला )प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की स्मृति को आज “समर्पण दिवस” के रूप में मनाते हुए बड़ी संख्या में भक्तों ने उन्हें अपनी श्रद्धांजली अर्पित की। नया बैरहना स्थित निरंकारी सत्संग भवन पर भक्तों ने उनके जीवन के कई संस्मण सुनते हुए प्रेरणा ली और अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम को प्रयागराज सहित देश भर के सभी ब्रान्चों में भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निरंकारी सन्त राधे श्याम ने कहा कि युगदृष्टा बाबा हरदेव सिंह का दिव्य, सर्वप्रिय स्वभाव व उनकी विशाल अलौकिक सोच, मानव कल्याण को समर्पित थी। उन्होंने पूर्ण समर्पण, सहनशीलता एवं विशालता वाले भावों से युक्त होकर ब्रह्मज्ञान रूपी सत्य के संदेश को जन-जन तक पहंुचाया और विश्वबन्धुत्व की परिकल्पना को वास्तविक रूप प्रदान किया। उन्होने कहा कि बाबा हरदेव सिंह ने 36 वर्षों तक सत्गुरू रूप में निरंकारी मिशन की बागड़ोर संभाली। उन्होंने आध्यात्मिक जागृति के साथ-साथ समाज कल्याण के लिए भी अनेक कार्यों को रूपरेखा प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि बाबा हरदेव सिंह को मानव मात्र की सेवाओं में अपना उत्कृष्ट योगदान देने के लिए देश-विदेश में सम्मानित भी किया गया। उन्हें 27 यूरोपीय देशों की पार्लियामेंट ने विशेष तौर पर सम्मानित किया और मिशन को संयुक्त राष्ट्र का मुख्य सलाहकार भी बनाया गया। साथ ही विश्व में शांति स्थापित करने हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मानित किया गया। वर्तमान में जहां हर ओर वैर, ईर्ष्या, द्वेष का वातावरण व्याप्त है, प्रत्येक मानव दूसरे मानव का केवल अहित करने में लगा हुआ है। ऐसे समय में बाबा हरदेव सिंह के प्रेरक संदेश को जीवन में अपनाने की नितांत आवश्यकता है। तभी सही मायनों में विश्व में अमन और शांति का वातावरण स्थापित हो सकता है। आज उनके संदेश को वर्तमान सत्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज एक नई ऊर्जा एवं तन्मयता के साथ आगे बढ़ा रही हैं।
स्थानीय जोनल इंचार्ज अशोक कुमार सचदेव ने बताया कि सत्गुरू माता सुदीक्षा की उपस्थिति में इस वर्ष ‘समर्पण दिवस’ का आयोजन एक विशाल निरंकारी संत समागम के रूप में शुक्रवार को संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल समालखा (हरियाणा) में किया गया। जहां सभी भक्त बड़ी संख्या में एकत्रित होकर बाबा हरदेव सिंह को स्मरण किये। मंच संचालन ओमकार नाथ ने किया। इस अवसर पर सभी ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को स्थानीय सेवादल संचालक अशोक कुशवाहा व शिक्षक डॉ फूल चन्द्र के नेतृत्व में सेवादल के भाई-बहनों ने अपनी सेवाओं को समर्पित होकर सफलता पूर्वक सम्पन्न किया।