
कुलपति प्रो सीमा सिंह ने किया पीएचडी प्रवेश विवरणिका का विमोचन
विलम्ब शुल्क के साथ 15 जुलाई तक आवेदन, प्रवेश परीक्षा 20 अगस्त
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज में सत्र 2022-23 के लिए पीएचडी प्रवेश सूचना विवरणिका का विमोचन मंगलवार को कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने किया। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशों के अनुसार मुक्त विवि रेगुलर मोड में पीएचडी कराएगा। जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन आज से प्रारम्भ हो गए।
पीएचडी प्रवेश परीक्षा समिति के संयोजक प्रो पी.के पांडे ने बताया कि प्री पीएचडी प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और प्रवेश परीक्षा शुल्क विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, आवेदन और प्रवेश परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 जुलाई निर्धारित की गई है। जबकि विलम्ब शुल्क के साथ 15 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन विवरण में त्रुटि संशोधन अवधि 16 से 20 जुलाई तक निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 26 जुलाई को अपलोड कर दिए जाएंगे। प्रवेश परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है।
प्रोफेसर पांडे ने बताया कि विश्वविद्यालय इस बार प्रवेश परीक्षा के माध्यम से 12 विषयों कम्प्यूटर विज्ञान, न्यूट्रीशन फूड एंड डाइटेटिक्स, पत्रकारिता एवं जनसंचार, मध्ययुगीन और आधुनिक इतिहास, राजनीति विज्ञान, वाणिज्य/ व्यवसाय प्रशासन और व्यवसाय प्रबंधन, शिक्षा शास्त्र, संस्कृत और प्राकृत भाषा, सांख्यिकी, हिंदी और आधुनिक भारतीय भाषाएं तथा भूगोल में निर्धारित 45 सीटों में प्रवेश देगा। पीएचडी प्रवेश परीक्षा डेढ़ घंटे की होगी तथा इसमें 70 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। जिसमें 50 प्रतिशत प्रश्न रिसर्च मेथाडोलॉजी और 50 प्रतिशत प्रश्न सम्बंधित विषय से पूछे जाएंगे।
मीडिया प्रभारी डॉ प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि पीएचडी प्रवेश सूचना विवरणिका के विमोचन समारोह में प्रो. पी.के पांडेय, प्रो. एस कुमार, प्रो. विनोद कुमार गुप्ता, डी.पी सिंह, डॉ श्रुति, डॉ सतीश चंद जैसल एवं धीरज रावत आदि उपस्थित रहे। प्रवेशार्थियों की सुविधा के लिए ई प्रोस्पेक्टस विश्वविद्यालय की वेबसाइट ‘डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.यूपीआरटीओयू.एसी.इन’ पर अपलोड है।