
अग्निशमन केंद्र के उद्घाटन में पथरताल पहुंचे विधायक सहित, डीएम एवं एसएसपी
कोरांव ( अनुरागदर्शन समाचार )। तहसील कोरांव के पथरताल गांव में बने अग्निशमन केंद्र का उद्घाटन सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ द्वारा वर्चुअल विडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से किया गया। उद्घाटन समारोह में अग्निशमन केंद्र पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रयागराज सांसद प्रो रीता बहुगुणा जोशी एवं विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक राजमणि कोल रहे। साथ ही कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय खत्री, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डा. राजीव कुमार पाण्डेय भी पहुंचे जिनको देखने और सुनने के लिए क्षेत्र की जनता के बीच कौतूहल भी देखा गया। लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद प्रो रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि कोरांव तहसील में फायर स्टेशन न रहने से लोगों को काफी आगजनी से हुए नुकसान को झेलना पड़ा जो उनकी सरकार ने उस नुकसान की भरपाई करने के लिए यहां पर स्टेशन स्थापित करने का काम किया है। कहा कि ऐसे ही सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ एकसाथ 25 अग्निशमन केंद्र खोलकर क्षेत्र को होनेवाले आगजनी से बचाने का काम किया है। इसी के साथ क्षेत्रीय विधायक राजमणि कोल ने कहा कि अभी बीती हुई गर्मी में सैकड़ों किसानों के हजारों बीघे खेत के गेहूं जलकर भस्म हो गये जिसका खामियाजा उनको फायर स्टेशन न रहने के कारण भरना पड़ा किन्तु अब इस फायर स्टेशन को स्थापित हो जाने के बाद किसानों को किसी भी समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम का संचालन डा. आभा मधुर ने किया। इस दौरान मुख्य रूप से उपजिलाधिकारी शुभम श्रीवास्तव, थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश त्रिपाठी, संतरा देवी, शशी द्विवेदी आदि लोग मौजूद रहे।