गुड हेल्थ कैप्सूल (आयुर्वेदिक औषधि) की बिक्री प्रतिबंधित : डॉ. शारदा प्रसाद
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । गुड हेल्थ कैप्सूल (आयुर्वेदिक औषधि) के नमूनों की जांच में स्टेरॉयड की मात्रा पायी गई है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यन्त हानिकारक है। इसलिए उक्त औषधि का प्रयोग व विक्रय पूर्णतः प्रतिबन्धित कर दिया गया है। उक्त जानकारी क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शारदा प्रसाद ने देते हुए बताया है कि समस्त दवा विक्रेता ध्यान दें कि गुड हेल्थ कैप्सूल (आयुर्वेदिक औषधि) का भण्डारण एवं विक्रय करता पाये जाने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने इसके साथ ही चिकित्सक एवं जनसामान्य से अनुरोध किया है कि उक्त औषधि का प्रयोग कदापि न करें और न ही किसी को इसके प्रयोग की सलाह दें। डॉ. प्रसाद ने यह भी कहा है कि यदि किसी प्रतिष्ठान पर उक्त औषधि का भण्डारण अथवा विक्रय किया जाना पाया जाए, तो क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के मोबाइल 8318300748 पर सूचित करें, आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।