कुंभ मेले में श्रद्धालुओं की सहायक बनेगी वेबसाइट

प्रयागराज।(रिपोर्ट अनुराग शुक्ला) कुम्भ में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए कुम्भ पुलिस की वेबसाइट बनाई जा रही है। इस वेबसाइट पर हर वह जरूरी जानकारी व मदद मिलेगी जो तीर्थयात्रियों और सैलानियों की यात्रा को आसान बनाएगी। इसके संबंध में सोमवार को आईजी ने कुम्भ पुलिस के साथ बैठक की और इससे जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।

आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि जल्द ही कुम्भ पुलिस प्रयागराज की वेबसाइट लांच की जाएगी। इस वेबसाइट में गूगल मैप की मदद से श्रद्धालुओं को प्रयागराज के बारे में हर जानकारी मिलेगी। आईजी ने बताया कि जैसे कोई श्रद्धालु लखनऊ या वाराणसी फ्लाइट से आया तो आगे का रास्ता तय करने में यह वेबसाइट उसकी मदद करेगी। लखनऊ से प्रयागराज पहुंचने के लिए कौन की गाड़ी मिलेगी? शहर में आने के बाद उसे मेलाक्षेत्र पहुंचने के लिए कहां से टैक्सी या बस मिलेगी ? गाड़ी से आ रहे हैं तो पार्किंग स्थल कहां है और वहां से कैसे मेला क्षेत्र तक पहुंचेंगे, इसकी पूरी जानकारी वेबसाइट पर रहेगी है।

इसके अलावा अगर कोई तीर्थयात्री या पर्यटक टप्पेबाजी का शिकार हुआ, या किसी का सामान चोरी हो गया तो वह इस वेबसाइट की मदद से नजदीकी कुम्भ थाने का पता लगा सकता है। इसके बाद वह थाने पर संपर्क करके शिकायत दर्ज करा सकता है। लोकेशन के आधार पर गूगल मैपिंग की मदद से उसे पूरी जानकारी मिल जाएगी।

आईजी के साथ बैठक में डीआईजी कुम्भ केपी सिंह, एडिशनल एसपी नीरज पांडेय, एसपी ट्रैफिक कुम्भ ओपी सिंह आदि मौजूद रहे। डीआईजी कुम्भ ने बताया कि कुम्भ की बेवसाइट का खाका तैयार करने के लिए एडिशनल एसपी राहुल श्रीवास्तव ने शहर में कैंप किया था। इस बेवसाइट की मॉनिटरिंग खुद डीजीपी कर रहे हैं।

Exit mobile version