संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में 123 श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद द्वारा ब्रांच- मऊआइमा में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन (संत निरंकारी मिशन का सामाजिक विभाग) द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें संत निरंकारी मिशन के 123 श्रद्धालु भक्त एवं सेवादारों द्वारा नि:स्वार्थ भाव से रक्तदान किया गया । रक्त एकत्रित करने हेतु स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल से विनोद जी और तेज बहादुर सप्रू , बेली अस्पताल से अजय मिश्रा जी के नेतृत्व में ब्लड बैंक की टीम वहां उपस्थित हुई, जिसमें 86 यूनिट स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल को एवं 37 यूनिट तेज बहादुर सप्रू अस्पताल को प्राप्त हुई। इस शिविर का उद्घाटन सुरेंद्र चौधरी (एमएलसी) द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि निरंकारी मिशन के लोग बिना किसी भेदभाव के , अपने – पराए और जाति धर्म से ऊपर उठकर मानवता की सेवा एवं कल्याण करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि निरंकारी मिशन के लोगों ने आज जो रक्तदान किया वह इसलिए नहीं किया कि हम जो खून दे रहे हैं वह हमारे माता-पिता, भाई-बहन, चाचा, मौसा इत्यादि सगे सम्बन्धी के काम आएगा बल्कि इसलिए दिया कि इस रक्तदान से किसी इंसान की जान बच सकती है और मानवता का कल्याण भी होगा। उन्होंने रक्तदान महादान के संबोधन के साथ अपनी बात को समाप्त किया । इसके अलावा इस अवसर पर रानीगंज, प्रतापगढ़ के विधायक डॉक्टर आर.के वर्मा जी उपस्थित होकर रक्तदान शिविर में सम्मिलित होने वाले रक्त दाताओं को प्रोत्साहित किया और जनकल्याण के लिए की गई उनकी सच्ची सेवा की प्रशंसा भी की। इसके अतिरिक्त जोनल इंचार्ज अशोक कुमार सचदेवा एवं ब्रांच मऊआइमा मुखी अभय राज जी द्वारा रक्तदान शिविर में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों सहित डॉक्टर एवं उनकी टीम का तथा रक्त दाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।

Exit mobile version