बच्चों से कुर्सियों का सेतु बनवाने वाली ’मैडम सस्पेंड’

 

स्कूल में हुए जलभराव से बचने के लिए अपनाई थी तरकीब

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया विभाग

( विनय मिश्रा )
मथुरा (अनुराग दर्शन समाचार )। बलदेव ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय दघेटा प्रथम स्कूल से सडक उंची है। बरसात के दिनों में अक्सर विद्यालय परिसर मंे जलभराव हो जाता है। सावन के महीने में कान्हा की नगरी में मेघ झूम कर बरस रहे हैं। जिससे विद्यालय परिसर में जलभराव हो गया। शिक्षिका ने बारिश के पानी से बचने के लिए बच्चों से कुर्सियों का पुल बनवाने पर बीएसए ने शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया है। बच्चों से कुर्सियों का पुल बनवाने और उस पर होकर निकलने का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो बहुत तेजी से वायरल हुआ और वीडियो को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया भी आने लगीं किसी ने शिक्षिका का समर्थन किया तो किसी ने विरोध किया। कुछ लोगों का मानना था कि यह बच्चों का अपनी शिक्षिका के प्रति आदरभाव था कि उन्होंने कुर्सियों का पुल बना कर उन्हें पानी से निकलने में मदद की, वहीं कुछ लोगों ने इस बात के लिए विद्यालय की पल्लवी नामक शिक्षिका की आलोचना की। सोशल मीडिया पर चल रही इस बहस से शिक्षा विभाग की किरकिरी हो रही थी। अधिकारियों तक मामला पहुंच गया। इसके साथ ही प्राथमिक शिक्षा की स्थिति और विद्यालयों में जलभराव पर भी चर्चा शुरू हो गई। कई दूसरे विद्यालयों के जलभराव के फोटो भी लोग सोशल मीडिया पर अपलोड करने लगे। जलभराव से निकलने के लिए इस पुल का अन्य शिक्षकों ने उपयोग किया या नहीं इस बात पर भी चर्चा हुई। चर्चा को विराम देने और इस मुद्दे पर मुखर लोगों को शांत करने के लिए प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए टीचर को सस्पेंड कर दिया है। इस स्कूल में कुल सात टीचर हैं, जिसमें चार महिला और तीन पुरुष शामिल हैं।

Exit mobile version