
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। Nikay Chunav Pryagraj Politics: चुनाव की अधिसूचना जारी, हरकत में आया प्रशासनिक अमला नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी होते ही नगर निगम, प्रशासन और पुलिस विभाग हरकत में आ गए। विभागों द्वारा विभिन्न इलाकों में लगे होल्डिंग और बैनर हटाए जाने लगे हैं। इसके साथ ही राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है।
नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद सभी राजनीतिक दलों में सक्रियता बढ़ गई है।
प्रयागराज में पहले चरण में यानी 4 मई को
प्रयागराज में पहले चरण में यानी 4 मई को निकाय चुनाव होने हैं। अब सभी की नजरें पार्टी के अंतिम निर्णय की ओर है कि शीर्ष नेतृत्व पार्टी में किसे मेयर पद का प्रत्याशी घोषित करेगी। भाजपा, सपा, कांग्रेस, आप व बसपा की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा जल्द होने के आसार हैं। इच्छुक उम्मीदवार टिकट पाने की उम्मीद में लखनऊ से लेकर दिल्ली तक डेरा डाले हुए हैं। शीर्ष नेताओं की परिक्रमा करने में लगे हैं।
शाइस्ता को बाहर करने का निर्णय
अभी तक किसी भी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। बसपा से अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन को प्रभारी बनाया गया था, लेकिन उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही पार्टी ने शाइस्ता को बाहर करने का निर्णय लिया है। रविवार को आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन आचार संहिता का पालन कराने के लिए सड़क पर उतर गया। सड़कों पर लगे भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा समेत सभी दलों के होर्डिंग उतारे जा रहे हैं।
दरअसल, मेयर से लेकर पार्षद तक के लिए बड़ी संख्या में दावेदारों ने अपने होर्डिंग्स लगवा रखे थे। आचार संहिता लागू होने के बाद अब कोई भी दावेदार होर्डिंग नहीं लगवा सकता है। इसके लिए नगर निगम की ओर से 8 टीमें लगाई गई हैं जो सड़कों पर लगे होर्डिंग उतारने का काम कर रहे हैं।
इस बार होने वाले निकाय चुनाव में पार्षद के लिए 2 लाख से ज्यादा मतदाता मतदान करेंगे। दरअसल, यह सभी अभी तक ग्राम प्रधान चुनते थे लेकिन शहरी सीमा का विस्तार होने के बाद यह सभी वर्ष 2019 में शहर के नागरिक बन गए हैं। बता दें कि शहर सीमा का विस्तार होने के बाद वार्डों की संख्या बढ़ गई है। अभी तक जो 80 वार्ड थे वह बढ़कर 100 हो गए हैं।