
Prayagraj Nikay Chunav Update : निष्पक्ष निकाय चुनाव के लिए प्रशासन ने कसी कमर प्रयागराज में निकाय चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। आज से शुरू हुए नामांकन का कार्य 17 अप्रैल तक चलेगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए पूरी तरह तैयार है।
निकाय चुनाव सम्पन्न कराने की व्यवस्था देख रहे रिटर्निंग आफिसर हर्षदेव पाण्डेय के मुताबिक़ महापौर व पार्षद के नामांकन के लिए अलग-अलग न्यायालय कक्ष बनाए गए हैं। महापौर के पद के लिए नामांकन के इच्छुक उम्मीदवार जिलाधिकारी न्यायालय में अपना नामांकन कर सकते हैं। इस नामांकन कक्ष में तीन एआरओ भी व्यवस्था देख रहे हैं।
इसी कक्ष में नामांकन फार्म भी मिल रहा है और यहीं पर उसे जमा भी किया जाएगा। नगर निगम के पार्षद पद के लिए वार्ड के हिसाब से अलग अलग नामांकन कक्ष बनाए गए हैं ताकि कोई असुविधा न होने पाए। नामांकन के लिए 32 रिटर्निंग ऑफिसर और 45 सहायक रिटर्निंग आफिसरों को लगाया गया है।
निकाय चुनाव में आने वाली किसी भी तरह की शिकायत के लिए डीएम कार्यालय के संगम सभागार में प्रशासन ने कंट्रोल रूम मनाया है। प्रभारी अपर जिलाधिकरी नगर मदन कुमार को बनाया गया है।
प्रयागराज में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले ही प्रशासन की तरफ से चुस्त दुरुस्त व्यवस्था की गई है। नामांकन की प्रक्रिया आज पहला दिन होने के कारण आज एक भी नामांकन नहीं हो सका। चुनाव में अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। ऐसे में अधिकतर प्रत्याशियों में नामांकन करने को लेकर असंमजस की स्थिति बनी हुई है जिससे कोई भी नामंकन पहले दिन नहीं हुआ।
तैयारियों में भाजपा ने अभी बनायी बढ़त
निकाय चुनाव को लेकर तैयारियों में प्रयागराज में सियासी दलों ने भी कमर कसनी शुरू कर दी है। सीएम योगी की अगुवाई में भाजपा ने यहाँ भी बढ़त बना ली है। भाजपा ने आज शहर के सारस्वत भवन में प्रभावी मतदाता सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ऑनलाइन माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं से मुखातिब हुए । इस बार प्रयागराज की महापौर सीट अनारक्षित है। शहर में मतदाताओं पर गौर करें तो यहां सबसे अधिक मतदाता सामान्य वर्ग के ही हैं। सामान्य वर्ग में भी ब्राह्मण मतदाता अधिक हैं जिन्हें केन्द्रित कर यह प्रभावी मतदाता सम्मेलन आयोजित किया गया। आयोजकों को उम्मीद है कि सम्मेलन में आज साझा किया गया योगी सरकार का विकास और जन कल्याण का विजन भाजपा के इस परम्परागत वोटर्स को एकजुट करने में कारगर साबित होगा।