प्रयागराज महाकुंभ में केबल कार से कुंभ क्षेत्र का अवलोकन कर सकेंगे सैलानी और श्रद्धालु

संगम में रोप वे के एक रूट के निर्माण पर बनी सहमति, रोपवे के निर्माण के लिए 150 करोड़ का प्रावधान

प्रयागराज महाकुंभ में केबल कार से कुंभ क्षेत्र का अवलोकन कर सकेंगे सैलानी और श्रद्धालु कुम्भ नगरी प्रयागराज में महाकुम्भ में आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु रोप-वे का आनंद ले सकें इसके लिए योगी सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। निर्माण के पहले संगम से बनने वाले रोप-वे के तीन रूट्स को लेकर सर्वे भी पूरा कर लिया गया है। निर्माण करने वाली एजेंसी और प्रयागराज विकास प्राधिकरण आगे की प्रक्रिया पूरा करने में जुट गई है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी भी उसी कम्पनी को दी गई है जिसने बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में रोप-वे की जिम्मेदारी सम्भाली है।

संगम के विमान मंडपम से इसके लिए तीन रूट्स संभावित हैं जिसकी फिजीबिलिटी को लेकर सर्वे पूरा हो चुका है।
कुम्भ नगरी में 2025 में आयोजित होने जा रहे कुम्भ को दिव्य और भव्य बनाने को लेकर योगी सरकार निरंतर प्रयत्नशील है। संगम में प्रस्तावित रोप-वे का निर्माण इसी का हिस्सा है। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में यहाँ रोप-वे निर्माण के लिए ₹150 करोड़ का प्रा‌वधान किया था। वैसे संगम क्षेत्र में प्रस्तावित इस रोप-वे की फिजीबिलिटी रिपोर्ट केंद्र सरकार की एजेंसी राइट्स को तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।

एजेंसी राइट्स के विशेषज्ञ संगम आये और उन्होंने नेशनल हाईवेज लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के इंजीनियरों के साथ रोप-वे के प्रस्तावित रूपों का सर्वे किया। इसमें तीन रूट का सर्वे हुआ जिसमे संगम के शंकर विमान मंडपम से उल्टा किला झूंसी, उल्टा किला झूंसी से त्रिवेणी पुष्प अरैल और त्रिवेणी पुष्प अरैल से संगम के शंकर विमान मंडपम के रूट शामिल हैं। पर्यटकों को आसमान से संगम का विहंगम दृश्य दिखाने के लिए प्रदेश सरकार ने संगम में रोप-वे निर्माण का संकल्प लिया है। इसके लिए संगम से इसके प्रस्तावित तीन रूट का सर्वे हुआ।

प्रयागराज विकास प्राधिकरण के साथ इन सर्वे रिपोर्ट्स पर मंथन किया गया। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता नीरज गुप्ता बताते हैं कि मंथन के बाद सबसे पहले संगम के शंकर विमान मंडपम से अरैल के त्रिवेणी पुष्प तक रोप-वे के प्रथम रूट पर सहमति बन गई है। इसके लिए 98 करोड़ की लागत आयेगी। रोप-वे निर्माण की नोडल एजेंसी प्रयागराज विकास प्राधिकरण के निर्देश पर एनएचएलएमएल को डीपीआर तैयार करने के साथ कार्यदायी एजेंसी तैनात करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संगम में रोप-वे निर्माण से महाकुंभ का विहंगम दृश्य आएगा सामने

माना जा रहा है कि संगम में रोप- वे के निर्माण से आने वाले महाकुंभ में श्रद्धालु और पर्यटक केबल कार से संगम, अक्षय वट, सरस्वती कूप के अलावा सम्पूर्ण कुंभ मेला कुंभ मेला का नजारा देख सकेंगे। पहली बार साधु-संतों और सैलानियों के लिए केवल कार की सुविधाएं यहां मिलेगी। इसके लिए झूसी से अप्रैल के बीच 3 रोप-वे के स्टेशन बनाए जाएंगे। सरकार ने साफ कर दिया है कि इसमें बजट की कमी नही आने दी जाएगी।

Exit mobile version