
Prayagraj: गोवर्धन की सप्तकोसीय परिक्रमा में कच्चे मार्ग पर होगी श्रद्धालुओं को सुखद अनुभूति सप्तकोसीय गिरिराज जी की परिक्रमा में अब श्रद्धालु कच्चे मार्ग पर चलने का लालच नहीं छोड़ सकेंगे।
कच्चे मार्ग पर चलते समय श्रद्धालुओं को सुखद अनुभूति होगी। अब परिक्रमा करते हुए श्रद्धालुओं के पैरों में कंकड़ नहीं चुभेंगे, बिछाई जा रही पीली मिट्टी श्रद्धालुओं को चलते समय मखमली अहसास देगी। राजकीय मुडि़या मेला में गिरिराज जी की परिक्रमा में श्रद्धालु के पैरों में कंक्रीट की चुभन नहीं होगी, इसके लिए डीएम के आदेश पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी परिक्रमा मार्ग पर पीली मिट्टी डलवा कर कंक्रीट उठवाने में जुटे हैं।
पीडब्ल्यूडी के जेई ने कंक्रीट उठाने के लिए मजदूर लगा दिए हैं। पहली बार डीएम की मंशा के अनुरूप विभागीय अधिकारी कामों में जुटे हैं। गौरतलब है कि 3 जुलाई को गोवर्धन का राजकीय मुडि़या मेला संपन्न होगा। 27 जून से गिरिराज परिक्रमा के लिए श्रद्धालु भक्तों की भीड़ उमड़ेगी।
श्रद्धालु भक्तों को परिक्रमा मार्ग में असुविधा न हो, इसके लिए डीएम पुलकित खरे, व्यापक स्तर पर व्यवस्था बनाने में जुटे हैं। डीएम ने विगत दिनों जूते उतारकर नंगे पैर कच्चे परिक्रमा मार्ग पर चलकर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी थी। कंक्रीट चुभने पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को पीली मिट्टी डलवा कर कंक्रीट हटवाने के निर्देश दिए थे। डीएम के आदेश पर जेई राहुल शर्मा ने परिक्रमा मार्ग पर पीली मिट्टी डलवा कर मजदूरों के सहयोग से कंक्रीट उठाने का काम शुरू करा दिया है।
अब परिक्रमार्थी भक्तों के पैरों में कंक्रीट चुभन से मुक्ति मिलेगी। जेई राहुल शर्मा ने बताया कि डीएम की मंशा के अनुरूप काम कराया जा रहा है। परिक्रमा मार्ग पर पीली मिट्टी डलवाई जा रही है। मजदूरों के सहयोग से कंक्रीट उठवाई जा रही हैं। श्रद्धालु भक्तों के पैरों में इस बार कंक्रीट चुभन से राहत मिलेगी।