
प्रयागराज। ओम नम: शिवाय संस्था प्रयागराज की ओर से ईसीसी के पीछे बलुआघाट पर गुरुवार को विशाल सत्संग और भण्डारा संपन्न हुआ। इसमें देश के कोने-कोने से बडी संख्या में श्रद्धालु और स्वयंसेवक शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मेलाक्षेत्र में 10 प्रमुख स्थानों पर माहभर विशाल अन्नक्षेत्र चलाये जाने की तैयारियों को लेकर विस्तार से रणनीति बनी।
सबसे पहले श्रद्धालुओ और स्वयंसेवकों ने गुरुदेव के सानिध्य में भगवान शिव का विधि विधान से पूजन-अर्चन किया। गुरुदेव ने सत्संग में कहा कि सभी तीर्थो का राजा तीर्थराज प्रयाग है। यही पर मा गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का मिलन होता है। पृथ्वी पर सृष्टि शुरु करने से पहले परमपिता ब्रह्मा ने तीर्थराज प्रयाग में विश्व कल्याण और सबकी उन्नति के लिये विशाल यज्ञ किया था।
ऐसी पवित्र संगम नगरी में लोगो की सेवा करने से अनंत फल की जन्म जन्मांतर फल की प्राप्ति होती है। उन्होने कहा कि प्रत्येक सनातनधर्मी को कोशिश करनी चाहिये कि माघ मास में एक माह तक प्रयाग में रहकर देश के कोने-कोने से आने वाले लोगो की सेवा करनी चाहिये।
पूज्य गुरुदेव ने लोगो से आग्रह किया कि वह लोग परिवार सहित कुंभ मेले के दौरान प्रयागराज आये और यहा आने वाले लोगों की सेवा करें। इस दौरान शांतनु सिह ने कुंभ मेले के दौरान मेलाक्षेत्र के 10 स्थानों पर विशाल भण्डारा माह भर चलाये जाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा किया। सत्संग के सभी श्रद्धालुओ और स्वयंसेवकों ने भण्डारे में प्रसाद ग्रहण किया।