कनाडा की वेरोनी क्यू और आयरलैंड के डेविड बने ब्रह्मचारी, मुंडन संस्कार के बाद 82 विदेशी भक्तों ने ली गुरुदीक्षा

प्रयागराज। कुंभ नगरी के सेक्टर चौदह में स्थित शक्तिधाम का शिविर विदेशी भक्तों से गुलजार है। सनातन धर्म और कुंभ को जानने की उत्कट इच्छा उन्हें संगम तट तक खींच ला रही है। जगद्गुरु सांई मां का सानिध्य देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को खासा रास आ रहा है। शायद यही वजह है कि सात समंदर पार से आने वाले विदेशी भी यहां पहुंचकर सनातन धर्म के रंग में रंग जा रहे हैं।

शनिवार की सुबह 82 विदेशियों ने पारंपरिक भरतीय रीति-रिवाज से जगद्गुरु सांई मां से गुरुदीक्षा ली। इनमें एक अमेरिकी, एक आयरलैंड, एक कानाडा और 79 जापानी स्त्री व पुरुष शामिल हैं। शनिवार के गुरुदीक्षा कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कनाडा की वेरोनी क्यू जीन और आयरलैंड के डेविड ओ ग्रेडी ने आजीवन ब्रह्मïचर्य व्रत के पालन का संकल्प लिया।

जगद्गुरु सांई मां से गुरुदीक्षा लेने से पहले भक्तों ने मुंडन कराया और शक्तिधाम की परंपरा के अनुरूप श्वेत वस्त्र धारण किये। भक्तों के सिर पर बना स्वास्तिक का चिन्ह माहौल को खासा आकर्षित बना रहा था। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सांई मां ने एक-एक कर सभी भक्तों के कान में गुरु मंत्र दिया।

जगद्गुरु सांई मां ने कहा कि जीवन को समझना मानव मात्र के सफलता की कुंजी है। ईश्वर सर्वत्र है, हम सबके भीतर है, उन्हें पहचानने की जरूरत है। सेवा और दया लोगों के जीने का सहज मार्ग प्रशस्त करती है। शक्तिधाम ने आपको अपने स्वयं के आध्यात्मिक जीवन में एक स्पष्ट और सूचित अंतर्दृष्टि प्राप्त करने में मदद करने के लिए इसे एक मिशन बना दिया है।

Exit mobile version