प्रयागराज। भारतीय रेल में ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के मौसम में यात्रियों की अधिकाधिक भीड़ होती है और इस दौरान उनके लिए खान-पान की गुणवत्तायुक्त उपलब्धता बनाए रखना रेल प्रशासन का एक चुनौतीपूर्ण दायित्व होता है,जिसके लिए रेल अधिकारी एवं सभी कर्मी निष्ठापूर्वक प्रयासरत रहते हैं। इसी दौरान अपने सम्मानित यात्रियों को यात्रा में स्वच्छ एवं उत्तम गुणवत्ता वाला पेय जल उपलब्ध करने हेतु सदैव प्रयास किया जाता है। रेल यात्रियों के मध्य गर्मी के दौरान बोतल बंद पानी की अधिक मांग की स्थिति का फायदा उठाने के लिए कुछ विक्रेताओं द्वारा अनाधिकृत बोतल बंद पानी की बिक्री की सूचना प्रशासन को प्राप्त हुई थी ।
रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार इस समस्या के समाधान हेतु भारतीय रेल के सभी मुख्य स्टेशनों पर विशेष अभियान ”ऑपरेशन थर्स्ट” लॉंच किया गया। इसी के तहत 8 जुुलाई को उत्तर मध्य रेलवे के सभी मंडलों मे भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। रेल सुरक्षा बल, उत्तर मध्य रेलवे द्वारा इसके अंतर्गत विभिन्न प्रमुख स्टेशनो पर कार्यवाई की गई –
- अभियान के तहत रेल सुरक्षा बल द्वारा अनाधिकृत विक्रेताओं के खिलाफ कुल 13 केस दर्ज किए गए हैं। इसमें इलाहाबाद मंडल में 07,झांसी मंडल में 01 एवं आगरा मंडल में 05 केस दर्जकिए गए हैं।
- अनाधिकृत बोतल बंद पानी की बिक्री करते हुए 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया,जिसमे से इलाहाबाद मंडल में 07, झांसी मंडल में 01 एवं आगरा मंडल में 05 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
- इस अभियान में कार्यवाई करते हुए रेलवे प्लेटफार्म/स्टेशनों पर अनाधिकृत रूप से बेची जाने वाली कुल 1831 बोतल बंद पानी बरामद किया गया।
उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा आगे भी इसी तरह की कार्यवाही जारी रहेगी।