प्रयागराज। जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने लोगों के भ्रमणशील होने पर निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्वंय शहर का निरीक्षण किया। कहीं-कहीं पर दो से अधिक लोगों के एक साथ पाये जाने पर सभी से अपने-अपने घरों में रहने और जब तक कोई अति महत्वपूर्ण कार्य न हो तब तक बाहर न निकलने की अपील की। उन्होंने सभी से लाक डाउन का पूर्णतया पालन करने को कहा।

जिलाधिकारी ने केपी कम्युनिटी हॉल जाकर वहां ठहराए गए लोगों का हालचाल लिया। यहां बाहर से आए हुए लगभग 100 लोगों को क्वॉरेंटाइन किया गया है जो कि जनपद के ही निवासी है। जिलाधिकारी ने निरीक्षण करते हुए वहां पर समुचित साफ-सफाई और खानपान की व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने रुके हुए सभी लोगों से 15 दिनों तक धैर्य बनाए रखने की अपील की और आपदा की इस घड़ी में सभी का सहयोग मांगा। उन्होंने सेंटर के प्रभारी अधिकारी को पूरा दिन साफ सफाई करवाने और रुके हुए सभी लोगों पर नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही आसपास की चीजों को सैनीटाइज कराने, ब्लीचिंग आदि के द्वारा साफ-सफाई आदि के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने बंशी भवन व गऊघाट स्थित आश्रम में बनाये गये कम्यूनिटी किचन का जायजा लिया और सभी तैयारियों को पूरा करते हुए इसे शुरू करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कुंदन गेस्ट हाउस में लोगों को कोरेंटाइन करने के लिए बनायी गयी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने मेडिकल चैराहा पर वाहनों को रूकवाकर चेक करवाया तथा उपस्थित पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि पास युक्त एवं आवश्यक सेवाओं में वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को पूर्णतया प्रतिबंधित किया जाय और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाय।
रास्ते में रूककर उन्होंने आम लोगों से उनकी समस्याओं की भी जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने के निर्देश दिये।