
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने 01 जून से खुली अदालत में सुनवाई शुरू करने के लिए चीफ जस्टिस को पत्र लिखा है।
पत्र में लॉकडाउन के दौरान जरूरी मुकदमों की सुनवाई और ई-फाइलिंग तथा वीडियो कांफ्रेंसिंग जैसे कई मुद्दों पर सवाल उठाए गए हैं। बार का मानना है कि मौजूदा व्यवस्था कारगर नहीं है और खुली अदालत में मुकदमों की सुनवाई तथा बहस का कोई विकल्प नहीं हो सकता है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि मौजूदा हालात को देखते हुए कम से कम कुछ मामलों में वकीलों की भौतिक उपस्थिति की अनुमति दी जाए। अन्य मामलों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुना जा सकता है।
यह पत्र बार के निवर्तमान अध्यक्ष राकेश पांडेय, महासचिव जेबी सिंह तथा नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह और नवनिर्वाचित महासचिव प्रभाशंकर मिश्र की ओर से लिखा गया है। उनका कहना है कि शारीरिक और सामाजिक दूरी तथा अन्य सुरक्षा उपायों को अपनाते हुए कोर्ट में फिर से काम शुरू किया जाए।