
प्रयागराज। जिले में कोरोना संक्रमण के सामने आ रहे अधिकांश मामलों का कनेक्शन सीधे तौर पर मुंबई से जुड़े मिल रहे हैं। बुधवार को चार नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। चारों पिछले सप्ताह ही मुंबई से लौटे हैं।
इसमें पति-पत्नी के अलावा एक 60 साल के एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। बुधवार को 113 सैंपलों की जांच रिपोर्ट मिली जिसमें 109 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
मेजा रोड स्थित जनवार गांव के पति और पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों कार से 22 मई को मुंबई से अपने घर लौटे थे। पत्नी को कमजोरी महसूस होने लगी तो उसे 26 मई को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पत्नी के साथ-साथ पति की भी जांच कराई गई तो दोनों पॉजिटिव मिले। करछना का एक बुजुर्ग अपने बेटे के साथ 21 मई को मुंबई से गांव वापस आया था।
होम क्वारेंटाइन में ही 22 मई को उसकी सैम्पलिंग हुई। रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद उसे कोटवा के एल-1 चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
उधर, हंडिया के रसार गांव का रहने वाला युवक गत 14 मई को मुंबई से ट्रेन से अपने गांव लौटा था। होम क्वारेंटाइन के दौरान 25 मई को उसकी सैम्पलिंग हुई तो उसके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई।
नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 79 पॉजिटिव मामले मिले हैं जिसमें वर्तमान में 38 मामले एक्टिव हैं।